PTV BHARAT 1 SEPTEMBER 2026 – जांजगीर-चांपा : कलेक्टर-एसपी ने आगामी पर्वों की तैयारियों का लिया जायजा – कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने आगामी नवरात्रि, दशहरा और गणेश उत्सव की तैयारियों को लेकर नगर पालिका चांपा क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने दशहरा आयोजन के लिए संभावित स्थल के रूप में भालेराव मैदान और एम.एम.आर. कॉलेज परिसर का जायजा लेकर उपलब्ध सुविधाओं और आयोजन की आवश्यकताओं का आकलन किया।
दशहरा आयोजन के लिए स्थल चयन पर जोर
कलेक्टर और एसपी ने दोनों संभावित स्थलों पर लोगों की सुरक्षा, सुगम आवागमन, पार्किंग और आवश्यक नागरिक सुविधाओं की स्थिति देखी। आयोजन स्थल की क्षमता और उपलब्ध संसाधनों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने उपयुक्त स्थल का चयन कर समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रवेश-निकासी, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और स्वच्छता सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने आगामी पर्वों के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन स्थलों और आसपास वाहनों की आवाजाही एवं पार्किंग को व्यवस्थित रखने तथा श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के सुगम आवागमन के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा।
गणेश उत्सव पंडाल का भी किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर-एसपी ने रामबांधा तालाब के पास स्थापित गणेश उत्सव पंडाल का भी जायजा लिया। उन्होंने पंडाल के आसपास की सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए आयोजकों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने पंडाल के आसपास पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने और आम नागरिकों के आवागमन में किसी तरह की बाधा नहीं आने देने पर जोर दिया।
समन्वय के साथ समय पर पूरी हों तैयारियां
कलेक्टर और एसपी ने आगामी पर्वों में संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैंडन यार्क, एसडीएम चांपा पवन कोसमा, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

