PTV BHARAT 17 SEPTEMBER 2026 – एमसीबी : मजदूरी से बेटे के उज्ज्वल भविष्य तक, कुन्ती सिंह के परिवार में शिक्षा ने जगाई नई उम्मीद
मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाली ग्राम महाराजपुर दर्रीटोला निवासी कुन्ती सिंह, पति दिनेश सिंह के लिए अपने बच्चे को बेहतर शिक्षा दिलाना एक बड़ा सपना था। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद वह चाहती थीं कि उनका बेटा अच्छी शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को संवार सके। आज अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना ने उनके इस सपने को साकार करने की राह आसान कर दी है।
मेहनतकश मां की चाहत को मिला सरकारी योजना का सहारा
कुन्ती सिंह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। मजदूरी के कार्य के अंतर्गत उनका श्रम विभाग में पंजीयन हुआ था। इसी पंजीयन के माध्यम से उनके बेटे को अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना का लाभ प्राप्त हुआ और उसका प्रवेश योजना के अंतर्गत कराया गया।
बेटे की पढ़ाई अब बनी चिंता नहीं, अवसर में बदली परिस्थितियां
अटल उत्कृष्ट योजना के तहत अब कुन्ती सिंह के बेटे को निःशुल्क आवासीय शिक्षा मिल रही है। इससे बच्चे की शिक्षा के साथ उसके आवास की सुविधा भी सुनिश्चित हुई है। योजना का लाभ मिलने से परिवार पर शिक्षा संबंधी आर्थिक बोझ कम हुआ है और कुन्ती सिंह को अपने बेटे के भविष्य को लेकर नई उम्मीद मिली है।
शिक्षा के नए अवसर से मजबूत हुआ आत्मविश्वास
कुन्ती सिंह के लिए यह योजना उनके बेटे के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उनका कहना है कि मजदूरी करके परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए बच्चे की पढ़ाई का खर्च उठाना आसान नहीं था। अब बेटे को निःशुल्क आवासीय शिक्षा मिलने से उन्हें राहत मिली है और विश्वास है कि उनका बच्चा अच्छी शिक्षा प्राप्त कर जीवन में आगे बढ़ेगा।
सरकार के प्रयासों को कुन्ती सिंह ने दिया धन्यवाद
अपने बेटे को मिले इस अवसर से खुश कुन्ती सिंह ने श्रम विभाग एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मेरे बच्चे का एडमिशन अटल उत्कृष्ट योजना के तहत हुआ है और अब मेरे बच्चे को निःशुल्क आवासीय शिक्षा मिल रही है। इसके लिए मैं श्रम विभाग तथा मुख्यमंत्री का बहुत-बहुत धन्यवाद करती हूं।”

