सरगुजा : प्रधानमंत्री आवास योजना से गुलाबमनी का पक्के घर का सपना हुआ साकार

PTV BHARAT 17 SEPTEMBER 2026 – सरगुजा : प्रधानमंत्री आवास योजना से गुलाबमनी का पक्के घर का सपना हुआ साकार

जब कोई व्यक्ति अपने सपने को साकार करने के लिए रात-दिन मेहनत और संघर्ष करता है, ऐसे में सरकार की योजनाएं उसके सपने को पूरा करने में सहायक बनती हैं। योजनाओं का लाभ मिलने के बाद हितग्राही न केवल अपने जीवन में आए बदलाव को महसूस करते हैं, बल्कि अपने आसपास रहने वाले जरूरतमंद परिवारों को भी इनके बारे में जानकारी देते हैं। ऐसी ही एक योजना ने सलका निवासी गुलाबमनी के जीवन में बदलाव लाते हुए उनके पक्के घर के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कठिन जीवन संघर्ष के दौरान जब उन्हें हर तरफ से बेसहारा होने का खतरा महसूस हुआ, उसी समय प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उन्हें अपना आशियाना मिला। बेहद कठिन परिस्थितियों में प्रधानमंत्री आवास योजना ने उन्हें नए सिरे से जीवन की शुरुआत करने का अवसर दिया है। अब गुलाबमनी नई उमंग के साथ जीवन पथ पर आगे बढ़ रही हैं।

कठिन जीवन संघर्ष

दूसरों के खेतों में परिश्रम करके जीवन यापन करने वाले धरम मारन की पुत्री गुलाबमनी की प्राथमिक शिक्षा उनके गांव में हुई और उनका विवाह हुआ। ससुराल पक्ष में अनबन होने से वह बेहद कठिन दौर में आ गईं, जब ससुराल पक्ष से उनका पूरी तरह अलगाव हो गया। परित्यक्त जीवन से जूझ रही गुलाबमनी को ऐसे कठिन समय में उनकी बहन ने अपने घर पर रखा और उनका हौसला बनाए रखा। ग्राम पंचायत सलका में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें गत वर्ष पक्के मकान की स्वीकृति प्राप्त हुई। कठिन समय में अपना एक मकान होना उनके लिए सबसे बड़ा संबल बन गया।

प्रधानमंत्री आवास बना सहारा

गुलाबमनी जब परिवार के साथ कठिन दौर से गुजर रही थीं, तब उनके पास अपनी छत का न होना सबसे बड़ी समस्या थी। ऐसे में प्रधानमंत्री आवास योजना उनके लिए वह सहारा बनी, जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी। विगत वित्तीय वर्ष में गुलाबमनी को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चयनित किया गया। आवास योजना के तहत मिली आर्थिक मदद से उन्होंने परिश्रम कर अपना सुंदर आशियाना बनाया और अब उनके पास खुद का मकान है। यही उनका सबसे बड़ा सहारा भी बन गया है।

आवास से मिली सामाजिक पहचान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल और निर्णयों से सेवा संकल्प के तहत गुलाबमनी के जीवन में आया बदलाव एक उदाहरण के रूप में सामने आया है। गुलाबमनी कहती हैं कि जब ससुराल से अलगाव हुआ तो उनके सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया था। लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना से मिले पक्के मकान ने उन्हें अपनी सामाजिक पहचान बनाने का आधार दिया है। उनका खुद का मकान होना समाज में सम्मान के साथ जीवन जीने का एक माध्यम भी बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *