PTV BHARAT 17 SEPTEMBER 2026 – कोरिया : सेवा संकल्प अभियान में पीएम आवास से सोनहत के जगदीश का पक्का घर बनाने का सपना हुआ साकार
हर गरीब व्यक्ति का एक सपना होता है कि उसके पास अपना पक्का आशियाना हो। यह ऐसी आस होती है, जो व्यक्ति की उम्र के साथ बढ़ती जाती है। कोरिया जिले के वनांचल जनपद सोनहत अंतर्गत ग्राम पंचायत अकलासरई में रहने वाले जगदीश के लिए अपने पक्के मकान से बेहतर शायद ही कोई चीज हो। उम्र के आखिरी पड़ाव में उनके पक्के मकान की चाहत को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण ने पूरा कर दिया है।
पूर्व की स्थिति
ग्राम पंचायत अकलासरई में रहने वाले जगदीश का आरंभिक जीवन अपने पैतृक कार्य में बीता। इस दौरान उनके तीन बच्चे हुए, जिनमें दो पुत्र युवावस्था में ही असमय काल के गाल में समा गए। इन कठिन परिस्थितियों से जूझते हुए जगदीश के लिए पक्के मकान का सपना असंभव सा हो गया था। अपने परिवार के साथ वे कच्चे मकान में निवास कर रहे थे, जो हर मौसम में उनके लिए परेशानी का कारण बनता था।
आवास ने बदली जीवन की राह
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत जगदीश को वर्ष 2024 में सूचीबद्ध किया गया। आवास निर्माण के लिए उन्हें आर्थिक सहायता प्राप्त हुई और उन्होंने परिश्रम कर अपने सपनों का आशियाना बनाया। इससे उनके परिवार को मनरेगा के तहत 90 दिवस की मजदूरी भी प्राप्त हुई और उस राशि का उपयोग उन्होंने मकान निर्माण में किया।
उम्र के आखिरी पड़ाव में मिला सुकून
अपनी कठिन जीवन परिस्थितियों को साझा करते हुए जगदीश ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से बने पक्के मकान ने उनका वर्षों पुराना सपना पूरा किया है। अब वे अपनी पत्नी, बच्चे और बहू के साथ सुकून से जीवन व्यतीत कर पा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति भावुक होकर आभार व्यक्त किया।

