रायपुर : सेवा संकल्प अभियान: सिकल सेल प्रभावित बच्चों एवं किशोरों हेतु PCV-13 टीकाकरण शिविर आयोजित, 69 को लगा न्यूमोकोकल टीका

PTV BHARAT 21 SEPTEMBER –रायपुर : सेवा संकल्प अभियान: सिकल सेल प्रभावित बच्चों एवं किशोरों हेतु PCV-13 टीकाकरण शिविर आयोजित, 69 को लगा न्यूमोकोकल टीका – सेवा संकल्प अभियान के तहत सिकल सेल रोग से प्रभावित बच्चों एवं किशोरों को गंभीर संक्रमण से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिला अस्पताल के मातृ-शिशु भवन, जशपुर में आज विशेष न्यूमोकोकल टीकाकरण अभियान आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी. एस. जात्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के सिकल सेल से प्रभावित 69 बच्चों एवं किशोरों को न्यूमोकोकल वैक्सीन लगाया गया।

सिकल सेल रोग से प्रभावित बच्चों में संक्रमण की जटिलताओं का खतरा अधिक रहता है। ऐसे में न्यूमोकोकल टीकाकरण गंभीर संक्रमण, निमोनिया तथा श्वसन संबंधी जटिलताओं से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अभियान का उद्देश्य पात्र बच्चों एवं किशोरों को समय पर टीकाकरण उपलब्ध कराकर संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करना रहा। अभियान के दौरान जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विपिन कुमार इंदवार, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गौरव सिंह, जिला सिकल सेल नोडल अधिकारी डॉ. ममता सिंह एवं सहायक नोडल अधिकारी देवेंद्र कुमार राठौर उपस्थित रहे।

अभियान के सफल संचालन में सिकल सेल संगवारी टीम, जशपुर का विशेष सहयोग रहा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सिकल सेल से प्रभावित बच्चों एवं उनके परिजनों को टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी। साथ ही पात्र बच्चों एवं किशोरों का निर्धारित समय पर टीकाकरण कराने तथा संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *