PTV BHARAT 28 SEPTEMBER –गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए चार शिक्षक सम्मानित – जिले के आदिवासी वनांचल विकासखंड मरवाही के चार शिक्षकों ने शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, रचनात्मक गतिविधियों एवं उल्लेखनीय योगदान से जिले को गौरवान्वित किया है। बीते शनिवार को कलिंगा यूनिवर्सिटी नया रायपुर में आयोजित सम्मान समारोह में अर्चना सामुएल मसीह, ऐशले कैनिथ डगलस, संतोष प्रजापति एवं नलिनी राय को सम्मानित किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ शासन शिक्षा आयोग के अध्यक्ष सुधीर गौतम, कलिंगा यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी, शिक्षाविद डॉ. अनिल कुमार प्रधान एवं एम.डी. एजुकेशन सोसाइटी के प्रतिनिधियों द्वारा शिक्षकों को सम्मान प्रदान किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी मरवाही संजय वर्मा ने चारों शिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।
राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षिका अर्चना सामुएल मसीह, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मगुरदा तथा ऐशले कैनिथ डगलस, व्याख्याता शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बगरार को स्काउट-गाइड के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान प्राप्त हो चुका है। दोनों शिक्षक विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक स्तर में सुधार, नशामुक्ति एवं स्वच्छता जागरूकता, स्काउट-गाइड, रेडक्रॉस सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। इसी तरह संतोष प्रजापति, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला करहनी तथा नलिनी राय, शासकीय प्राथमिक शाला लोहारी द्वारा टीएलएम निर्माण, कबाड़ से जुगाड़ एवं रोचक गतिविधियों के माध्यम से नवाचारी शिक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है।

