जशपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव-पंचायत तक पहुंचीं शासकीय सेवाएं, सेवा सेतु शिविरों में समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण

PTV BHARAT 04 OCTOBER 2026 – जशपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव-पंचायत तक पहुंचीं शासकीय सेवाएं, सेवा सेतु शिविरों में समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण – सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत जशपुर जिले के सभी विकासखंडों में सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से शासकीय योजनाओं और सेवाओं को गांव एवं पंचायत स्तर तक पहुंचाया जा रहा है। शिविरों में ग्रामीणों की समस्याएं और मांगें सुनकर संबंधित विभागों द्वारा प्राथमिकता से निराकरण किया जा रहा है। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत आवश्यक सामग्री और सेवाओं का लाभ भी दिया जा रहा है।

पेंशन, राशन और आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न सेवाओं के आवेदन – सेवा सेतु शिविरों में पेंशन, राशन, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, श्रम कार्ड सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं से जुड़े आवेदन लिए जा रहे हैं। संबंधित विभागों द्वारा आवेदनों का परीक्षण कर पात्रता के अनुसार मौके पर ही निराकरण का प्रयास किया जा रहा है। जिन प्रकरणों में आगे की विभागीय प्रक्रिया आवश्यक है, उनमें नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

कामारीमा और कांसाबेल में ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ – बगीचा विकासखंड के ग्राम कामारीमा और जनपद पंचायत कांसाबेल में आयोजित सेवा सेतु शिविरों में श्रम, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, पंचायत, राजस्व और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, आवेदन लिए और निराकरण योग्य मामलों पर मौके पर कार्रवाई की। ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सामग्री का वितरण कर लाभान्वित किया गया।

दफ्तरों के चक्कर से राहत, गांव के नजदीक मिल रही सेवाएं – सेवा सेतु शिविरों से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय सेवाओं और योजनाओं के लिए दूरस्थ कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की मौजूदगी से नागरिक सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं और आवेदन रख पा रहे हैं।

सेवा संकल्प अभियान के तहत इन शिविरों का उद्देश्य शासकीय सेवाओं को नागरिकों के नजदीक पहुंचाना, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ना और उनकी समस्याओं का यथासंभव त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *