PTV BHARAT 05 OCTOBER 2026 – रायपुर : 8 किलोमीटर की दुर्गम राह तय कर बेंगपाल पहुंची स्वास्थ्य टीम, 106 ग्रामीणों की हुई जांच – बैलाडीला की पहाड़ियों के अंतिम छोर पर बसे पहुंचविहीन ग्राम बेंगपाल तक स्वास्थ्य विभाग का अमला 8 किलोमीटर का दुर्गम और पथरीला सफर पैदल तय कर पहुंचा। सेवा संकल्प अभियान के तहत पेड़ की छांव में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जहां ग्रामीणों को जांच, उपचार और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। शिविर में 106 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं।
मलेरिया से लेकर बीपी और ब्लड शुगर की जांच – शिविर में पहुंचे सभी ग्रामीणों की मलेरिया स्क्रीनिंग की गई। 30 वर्ष से अधिक उम्र के ग्रामीणों का बीपी और ब्लड शुगर जांचा गया। गर्भवती महिलाओं का पंजीयन किया गया तथा बच्चों का आवश्यक नियमित टीकाकरण किया गया।
नेत्र परीक्षण और योजनाओं से जोड़ा – स्वास्थ्य अमले ने ग्रामीणों का नेत्र परीक्षण भी किया। जांच में मोतियाबिंद के मरीजों को चिन्हांकित कर ऑपरेशन के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। पात्र ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जबकि 70 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रधानमंत्री वय वंदना योजना के तहत कार्ड भी तैयार किए गए।
दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद स्वास्थ्य टीम ने 8 किलोमीटर पैदल चलकर ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाईं। जिले के अंदरूनी और दूरस्थ गांवों में ऐसे स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जांच, उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित हो सके।

