PTV BHARAT 05 OCTOBER 2026 – गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : ‘सरकार आपके द्वार’ शिविरों में ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ – सेवा सेतु अभियान के तहत ‘सरकार आपके द्वार’ की अवधारणा को साकार करते हुए गौरेला विकासखंड के ग्राम देवरगांव, मरवाही विकासखंड के ग्राम बंसीताल और पेंड्रा विकासखंड के ग्राम अमाडांड क्लस्टर पंचायतों में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देने के साथ आवेदनों एवं समस्याओं के निराकरण तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
विधायक ने किया शिविर का शुभारंभ – अमाडांड हाई स्कूल मैदान में आयोजित शिविर का शुभारंभ मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने महात्मा गांधी और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर किया। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान के माध्यम से शासन-प्रशासन स्वयं ग्रामीणों के द्वार तक पहुंच रहा है। अधिकारियों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने के साथ ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शिविर में उपलब्ध सेवाओं और योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और सशक्त राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने नशामुक्त भारत, स्वच्छ भारत और विकसित भारत के संकल्पों को साकार करने में जनभागीदारी का आह्वान किया।
कलेक्टर ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा – कलेक्टर विजय दयाराम के. ने शिविर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और प्राप्त आवेदनों, उनके निराकरण तथा हितग्राहियों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में कृषि, वन, श्रम, खाद्य सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं, पात्रता और लाभ की जानकारी दी। ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी सेवाओं के साथ स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से भी ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया।
75 हितग्राहियों को आबादी पट्टे, 5 परिवारों को आवास की चाबी – अमाडांड शिविर में स्वामित्व योजना के तहत आसपास की ग्राम पंचायतों के 75 हितग्राहियों को आबादी पट्टे वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण पूर्ण करने वाले 5 हितग्राहियों को पूर्णता प्रमाण-पत्र और प्रतीकात्मक चाबी प्रदान की गई।
स्वास्थ्य विभाग ने जरूरतमंद हितग्राहियों को छड़ी और चश्मे वितरित किए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 5 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें पोषण टोकरी भेंट की। साथ ही 3 बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं से जुड़ने की प्रक्रिया, पात्रता और मिलने वाले लाभों की जानकारी दी।
शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, जिला पंचायत सदस्य पूर्णिमा पैकरा, जिला पंचायत CEO मुकेश रावटे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

