PTV BHARAT 05 OCTOBER 2026 – जगदलपुर : तीन साल बाद लौटी जिंदगी की खुशियां, कृत्रिम हाथ लगते ही रोनू ने खुद पिया पानी – धरमपुरा के क्रीड़ा परिसर में आयोजित निःशुल्क विशाल दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर में भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया। मांझीगुड़ा निवासी रोनू ने कृत्रिम हाथ लगते ही उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के सामने खुद गिलास उठाकर पानी पिया। तीन साल के लंबे इंतजार के बाद अपने हाथ के सहारे पानी पीते देख परिजनों, डॉक्टरों और शिविर आयोजकों की आंखें नम हो गईं।
हादसे में गंवाया था हाथ – तीन साल पहले घर में चाय बनाते समय रोनू का हाथ आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया था। घाव की गंभीरता और संक्रमण फैलने के कारण डॉक्टरों को उनका हाथ कोहनी तक काटना पड़ा। इसके बाद रोजमर्रा के छोटे-छोटे कामों के लिए दूसरों पर निर्भरता ने उनके मनोबल को प्रभावित किया।
कृत्रिम हाथ ने लौटाया आत्मविश्वास – जगदलपुर के धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में आयोजित शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने रोनू के हाथ की सटीक माप लेकर आधुनिक कृत्रिम हाथ (प्रॉस्थेटिक आर्म) फिट किया। उपयोग का प्रशिक्षण मिलने के कुछ ही मिनट बाद रोनू ने आत्मविश्वास के साथ पानी का गिलास उठाया और खुद पानी पिया।
रोनू ने भावुक होकर कहा कि हाथ कटने के बाद उन्हें लगता था कि वे दोबारा अपने हाथ से काम नहीं कर पाएंगे, लेकिन आज खुद पानी पीते हुए उन्हें लगा कि उनका खोया हुआ जीवन और स्वाभिमान फिर लौट आया है।
दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास – शिविर आयोजकों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य दिव्यांगजनों को केवल कृत्रिम उपकरण उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उनका आत्मविश्वास बढ़ाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। रोनू की कहानी इसी उद्देश्य की एक प्रेरणादायी तस्वीर बनकर सामने आई।

