PTV BHARAT 05 OCTOBER 2026 – सूरजपुर : सेवा संकल्प अभियान से ग्रामीण अंचलों तक पहुंचीं स्वास्थ्य सेवाएं, 46 शिविरों से 38,943 लोग लाभान्वित – सेवा संकल्प अभियान के तहत सूरजपुर जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए 46 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए, जिनसे 38,943 लोगों को लाभ मिला। शिविरों में स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, टीबी स्क्रीनिंग, दवा वितरण के साथ आयुष्मान और वय वंदना कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
एक ही स्थान पर मिलीं कई स्वास्थ्य सेवाएं – कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने शिविरों में नागरिकों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। जन औषधि केंद्र और निःशुल्क दवा वितरण के माध्यम से 10,730 हितग्राहियों को दवाइयां दी गईं। ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ स्टॉल से 7,866 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मिलीं। पात्र हितग्राहियों के 1,116 आयुष्मान कार्ड और 123 वय वंदना कार्ड बनाए गए।
टीबी जांच और स्क्रीनिंग पर जोर – टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 2,622 लोगों का टीबी जांच के लिए पंजीयन किया गया और 2,598 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें 974 लोगों की हैंड-हेल्ड एक्स-रे जांच भी हुई। इससे टीबी की शीघ्र पहचान और जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में मदद मिल रही है।
‘आंगन का उत्सव’ में महिलाएं, बच्चे और गर्भवती महिलाएं लाभान्वित – अभियान के तहत आयोजित ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम में 4,079 महिला हितग्राही, 2,422 बच्चे और 3,123 गर्भवती महिलाएं लाभान्वित हुईं। स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 286 मितानिनों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत विभागीय टीमें ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में शिविर लगाकर जांच, परामर्श, दवा और शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी एवं सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं। अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है।

