PTV BHARAT 05 OCTOBER 2026 – गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : मिट्टी की दीवारों से पक्के आशियाने तक, प्रधानमंत्री आवास योजना ने पूरा किया राजा राम का सपना – ग्राम पंचायत बस्ती निवासी राजा राम पोर्ते और उनके परिवार के लिए कभी मिट्टी की दीवारों वाला घर मजबूरी था। बारिश, ठंड और बदलते मौसम के बीच परिवार की सुरक्षा की चिंता बनी रहती थी। कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण पक्के घर का सपना वर्षों तक अधूरा रहा। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में नाम शामिल होने के बाद यह सपना साकार हुआ और कुछ ही महीनों में उनका पक्का मकान बनकर तैयार हो गया।
सपना बना परिवार की सुरक्षा और सुकून का ठिकाना – आज राजा राम का पक्का घर उनके परिवार के लिए केवल मकान नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष के बाद मिली सुरक्षा, सम्मान और सुकून की पहचान है। पक्का आवास बनने के बाद बारिश, ठंड और मौसम की मार के दौरान घर की मजबूती को लेकर उनकी चिंताएं काफी हद तक दूर हो गई हैं। अब परिवार सुरक्षित और बेहतर वातावरण में जीवन बिता रहा है।
‘सरकार आपके द्वार’ शिविर में मिली नए घर की चाबी – सेवा सेतु अभियान के तहत ग्राम बस्ती में आयोजित ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर में राजा राम पोर्ते को उनके नए आवास की चाबी सौंपी गई। हाथों में चाबी आते ही वर्षों पुराना सपना साकार हो गया। राजा राम के अनुसार, सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण पक्का मकान बनाना संभव नहीं था, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने उनके अधूरे सपने को पूरा करने का अवसर दिया।
पात्र परिवारों तक पहुंच रहा आवास योजना का लाभ – प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में भी पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने को प्राथमिकता दी जा रही है। राजा राम जैसे परिवारों के लिए योजना का लाभ केवल मकान निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का भरोसा भी दे रहा है।
‘सरकार आपके द्वार’ से अंतिम छोर तक पहुंच रहीं योजनाएं – सेवा सेतु अभियान के तहत ‘सरकार आपके द्वार’ शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं और जरूरतों को स्थानीय स्तर पर समझते हुए पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। ग्राम बस्ती में राजा राम को नए आवास की चाबी सौंपा जाना इसी प्रयास का उदाहरण है।
नए घर में प्रवेश के साथ राजा राम और उनके परिवार के जीवन का नया अध्याय शुरू हुआ है। मिट्टी की कमजोर दीवारों और मौसम की चिंताओं से जुड़ी पुरानी यादें पीछे छूट रही हैं और उनकी जगह पक्के घर की सुरक्षा, सुकून और बेहतर भविष्य की उम्मीद ने ले ली है। राजा राम पोर्ते ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का लाभ मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
एक पक्का घर किसी जरूरतमंद परिवार के लिए केवल चार दीवारें और एक छत नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत और उम्मीदों का ठिकाना, परिवार की सुरक्षा और सम्मान के साथ जीवन जीने का आधार होता है।

