PTV BHARAT 08 OCTOBER 2026 – रायपुर : परसगढ़ी में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में गूंजा सुपोषण और स्वच्छता का संदेश – सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 6 अक्टूबर को सेक्टर मनेन्द्रगढ़ ग्रामीण के ग्राम पंचायत परसगढ़ी में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। सरपंच बुद्धू सिंह की उपस्थिति में बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां हुईं। कार्यक्रम का उद्देश्य पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनभागीदारी के माध्यम से माताओं एवं बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
पोषण और जागरूकता पर जोर – कार्यक्रम में 30 बच्चों को न्योता भोज कराया गया। “अन्न दान महादान” पहल के तहत 50 गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को पौष्टिक भोजन कराया गया। पोषण जागरूकता के लिए 10 सुपोषण टोकरी वितरित की गईं। वहीं, सुपोषण थाली का प्रदर्शन कर संतुलित और पौष्टिक आहार में शामिल किए जाने वाले खाद्य पदार्थों की जानकारी दी गई।
हितग्राहियों से संवाद और सम्मान – प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं मुख्यमंत्री मातृत्व योजना के हितग्राहियों से संवाद किया गया। हितग्राहियों ने योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान उनका सम्मान किया गया तथा पात्र महिलाओं को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी दी गई।
प्रतियोगिताओं ने बढ़ाया उत्साह – कार्यक्रम में व्यंजन प्रतियोगिता, एक मिनट प्रतियोगिता और कुर्सी दौड़ आयोजित की गई। महिलाओं एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इन गतिविधियों से सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा मिला।
सेवाभावी कार्यकर्ताओं का सम्मान – मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और जागरूकता के लिए कार्य कर रहीं मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान किया गया। उनके योगदान की सराहना करते हुए ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं को प्रभावी बनाने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों ने घर, आंगन और आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने तथा स्वयं जागरूक रहने के साथ अन्य लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

