रायपुर : क्रेडा की सौर ऊर्जा योजनाओं से दूरस्थ गांवों में रोशनी

PTV BHARAT 08 OCTOBER 2026 – रायपुर : क्रेडा की सौर ऊर्जा योजनाओं से दूरस्थ गांवों में रोशनी – जिले के दुर्गम, पहुंचविहीन, विद्युतविहीन और वनांचल क्षेत्रों में, जहां पारंपरिक बिजली पहुंचाना कठिन है, वहां छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) द्वारा सौर ऊर्जा के माध्यम से ग्रामीण विद्युतीकरण किया जा रहा है।

जिला क्रेडा अधिकारी के अनुसार, ग्राम विद्युतीकरण योजना के तहत जिले के विभिन्न मजराटोलों और पारों में 101 सोलर पावर प्लांट स्थापित किए गए हैं, जिनकी कुल क्षमता 496 किलोवाट है। इनसे 2,993 परिवारों को सौर ऊर्जा से विद्युतीकृत किया गया है।

सोलर होम लाइट से 339 घर रोशन – ऐसे दूरस्थ और बिखरी बसाहट वाले क्षेत्रों में, जहां सोलर पावर प्लांट स्थापित करना आर्थिक रूप से व्यवहारिक नहीं है, वहां 339 सोलर होम लाइट के जरिए घरों को रोशनी उपलब्ध कराई गई है। प्रत्येक सोलर होम लाइट की क्षमता 200 वाट है और इनकी कुल स्थापित क्षमता 67.8 किलोवाट है। प्रत्येक घर में 8 वाट के पांच एलईडी बल्ब, 15 वाट का एक पंखा और मोबाइल चार्जिंग के लिए यूएसबी पोर्ट की सुविधा दी गई है।

नटवाही के चेरवापारा में 54 घर सौर ऊर्जा से रोशन – जिले के नटवाही (चेरवापारा) में 8 किलोवाट क्षमता का सौर संयंत्र स्थापित किया गया है। क्रेडा द्वारा इस संयंत्र से 54 घरों को घरेलू विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराकर बिजली की आपूर्ति की जा रही है। यह संयंत्र पिछले पांच वर्षों से संचालित है और दूरस्थ बसाहट के परिवारों को सौर ऊर्जा के माध्यम से विद्युत सुविधा उपलब्ध करा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *