रायपुर : जनकपुर में सजा सेवा का सेतु, एक मंच पर पहुंचीं शासन की योजनाएं और ग्रामीणों तक पहुंचा सीधा लाभ

PTV BHARAT 08 OCTOBER 2026 – रायपुर : जनकपुर में सजा सेवा का सेतु, एक मंच पर पहुंचीं शासन की योजनाएं और ग्रामीणों तक पहुंचा सीधा लाभ – सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड भरतपुर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम जनकपुर में विशेष सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं और हितग्राहीमूलक कार्यक्रमों को एक मंच पर ग्रामीणों तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष कौशल पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष माया प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

शासन और जनता के बीच विश्वास का सेतु – एसडीएम शशि शेखर मिश्रा ने कहा कि सेवा सेतु शिविर का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि पात्र लोगों को लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया में सहयोग करना भी है। उन्होंने ग्रामीणों से शिविर में पहुंचकर अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं की जानकारी लेने और पात्रता के अनुसार आवेदन करने की अपील की। अधिकारियों-कर्मचारियों को ग्रामीणों की समस्याओं और आवेदनों का संवेदनशीलता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह ने कहा कि शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मिलकर ग्रामीणों को योजनाओं से जोड़ने की अपील की। नगर पंचायत अध्यक्ष कौशल पटेल ने ग्रामीणों से शिविर में मिली जानकारी को अन्य पात्र लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। जनपद अध्यक्ष माया प्रताप सिंह ने कहा कि शिविर में एक ही स्थान पर योजनाओं की जानकारी, मार्गदर्शन और पात्र हितग्राहियों को लाभ मिल रहा है।

विभागीय स्टॉलों से मिला मार्गदर्शन – विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

जरूरतमंद बच्चों के लिए खिलौना और वस्त्र दान अभियान – सेवा संकल्प अभियान के तहत जरूरतमंद बच्चों और परिवारों तक सहयोग पहुंचाने के लिए खिलौना एवं वस्त्र दान अभियान शुरू किया गया। बच्चों को खिलौने और वस्त्र प्रदान किए गए। जनप्रतिनिधियों ने दान सामग्री एकत्रित कर जरूरतमंदों तक पहुंचाने वाले वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

नुक्कड़ नाटकों से जागरूकता का संदेश – विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने साइबर अपराध, स्वच्छता, जल संरक्षण और सड़क सुरक्षा जैसे विषयों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को साइबर अपराध से सावधान रहने, स्वच्छता अपनाने, जल संरक्षण और सड़क सुरक्षा नियमों के पालन का संदेश दिया गया।

नशामुक्त समाज का लिया संकल्प – जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह ने नशामुक्त भारत अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और ग्रामीणों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई।

विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को मिला लाभ – शिविर में कृषि विभाग के 1, महिला एवं बाल विकास के 5, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति के 6, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के 7, उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी के 8, पशुधन विकास के 2, मछली पालन के 3, श्रम विभाग के 4, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के 10 और विद्युत विभाग के 9 हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

समाज कल्याण विभाग के 11, राजस्व विभाग के 12, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 13, क्रेडा के 2 और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के 3 हितग्राहियों को भी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिला। आयुष विभाग के 14, आईटीआई जनकपुर के 15 तथा भारतीय स्टेट बैंक, शाखा जनकपुर के 16 हितग्राहियों को आयुष एवं स्वास्थ्य सेवाओं, कौशल एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण तथा बैंकिंग एवं वित्तीय योजनाओं से संबंधित लाभ प्रदान किए गए।

सेवा संकल्प अभियान का यह विशेष सेवा सेतु शिविर शासन की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं को एक मंच पर आमजन तक पहुंचाने का माध्यम बना। ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को प्रत्यक्ष लाभ भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री पवन शुक्ला, मंडल अध्यक्ष नरेश यादव, जनपद सदस्य भारती बसोर, फूलबाई, अर्पिता सिंह, कैलाश गोंड, धर्मपाल मरावी, कविता यादव, सविता गोंड और मंडल महामंत्री मणि पाण्डेय सहित सरपंचगण एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *