रायपुर : उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने की विकास कार्यों की प्रगति और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा

PTV BHARAT 08 OCTOBER 2026 – रायपुर : उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने की विकास कार्यों की प्रगति और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा – उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सरगुजा संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर में सरगुजा और सूरजपुर जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन और विभागीय कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। बैठक में सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल और सूरजपुर कलेक्टर रेना जमील सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

समयबद्ध क्रियान्वयन और गुणवत्ता पर जोर – उप मुख्यमंत्री ने विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्ता से समझौता नहीं करने, कार्यों की निरंतर निगरानी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यालयों में बेहतर व्यवस्था और साफ-सफाई रखने तथा शासन की योजनाओं का सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

पीएम आवास के निर्माण अक्टूबर तक पूरे करने के निर्देश – नगरीय क्षेत्रों की योजनाओं की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने और नगरीय निकायों की योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरों की व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। टेंडर प्रक्रिया के बाद कार्य तत्काल शुरू करने और प्रगतिरत कार्यों को जल्द पूरा करने को कहा।

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) को प्राथमिकता का कार्य बताते हुए उन्होंने सभी सीएमओ को अक्टूबर माह तक प्रगतिरत आवासों का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व संग्रहण की हर माह समीक्षा करने तथा मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), पीएम आवास योजना (शहरी), 15वें वित्त आयोग और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की।

सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश – लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने बरसात के बाद सड़कों की मरम्मत के कार्यों में तेजी लाने तथा भवनों, सड़कों, पुल-पुलियों और अन्य निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान लोगों को असुविधा न हो और कार्य समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं।

पेयजल योजनाओं की नियमित निगरानी पर जोर – लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान जल जीवन मिशन सहित पेयजल व्यवस्था और जलापूर्ति से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। उप मुख्यमंत्री ने पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने, जल स्रोतों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा पेयजल अधोसंरचना के रखरखाव और योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

प्राथमिक शालाओं में खेल गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश – खेल गतिविधियों, खेल अधोसंरचना और युवाओं को खेलों से जोड़ने वाले कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों की प्राथमिक शालाओं में खेल गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने खेल अधिकारियों को जिला पंचायत सीईओ और शिक्षा विभाग के साथ कार्ययोजना बनाने तथा स्कूलों के संकुलवार एक-एक पीटीआई को खेल गतिविधियों के संचालन के लिए चिन्हांकित करने को कहा।

उन्होंने सरगुजा ओलंपिक के लिए पंजीयन की भी जानकारी ली और व्यापक प्रचार-प्रसार, खेल संघों तथा खेल से जुड़े लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं, इसलिए युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जाएं।

बैठक में सरगुजा जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, सूरजपुर जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले और अंबिकापुर नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *