रायपुर : उप मुख्यमंत्री अरुण साव निकले स्कूटी पर, शहर भ्रमण कर सफाई और निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

PTV BHARAT 08 OCTOBER 2026 – रायपुर : उप मुख्यमंत्री अरुण साव निकले स्कूटी पर, शहर भ्रमण कर सफाई और निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण – उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने स्कूटी चलाकर अंबिकापुर शहर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था, डीसी रोड स्थित एसएलआरएम सेंटर और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बने आवासों का जायजा लिया। उन्होंने हितग्राहियों से बातचीत की और अधिकारियों को नागरिक सुविधाएं बेहतर बनाने तथा सड़क निर्माण एवं मरम्मत के कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।

केरसु तालाब की सफाई तत्काल सुधारने के निर्देश – शहर भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में सफाई और नागरिक सुविधाओं की जमीनी स्थिति देखी। केरसु तालाब में सफाई की आवश्यकता पाए जाने पर उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। सार्वजनिक स्थलों और आवासीय क्षेत्रों में नियमित सफाई तथा प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।

प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों से किया संवाद – उप मुख्यमंत्री ने सुभाष नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एएचपी घटक के तहत बने 493 आवासीय इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राहियों से मुलाकात कर उपलब्ध सुविधाओं, समस्याओं और पक्का मकान मिलने के बाद जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। हितग्राहियों ने आवास मिलने पर खुशी जताते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

श्री साव ने अधिकारियों को आवंटित आवासों में हितग्राहियों का निवास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवासीय परिसर में साफ-सफाई, जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और शेष निर्माण कार्य जल्द पूरा करने को कहा।

स्वच्छता दीदियों के काम की सराहना – उप मुख्यमंत्री ने डीसी रोड स्थित एसएलआरएम सेंटर में कचरा संग्रहण, पृथक्करण और प्रसंस्करण की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अंबिकापुर के कचरा प्रबंधन मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि शहर में करीब 480 स्वच्छता दीदियां घर-घर से कचरा एकत्र करने और उसके प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके प्रयासों से शहर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हुई है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव के स्कूटी से शहर भ्रमण के दौरान महापौर मंजूषा भगत, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव और नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित पार्षद, स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी और अभियंतागण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *