PTV BHARAT 08 OCTOBER 2026 – रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से जशपुर में स्वास्थ्य शिक्षा को नई सौगात, कंडोरा में शुरू होगा फिजियोथेरेपी कॉलेज – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के ग्राम कंडोरा में फिजियोथेरेपी कॉलेज शुरू करने की तैयारी है। करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित हाईस्कूल भवन में प्रारंभिक रूप से कॉलेज का संचालन किया जाएगा। कॉलेज में 50 सीटों पर इसी शैक्षणिक सत्र से प्रवेश शुरू करने की तैयारी है। इससे जिले के विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर व्यावसायिक शिक्षा का अवसर मिलेगा।
पहले से निर्मित भवन का होगा बेहतर उपयोग – कंडोरा में निर्मित हाईस्कूल भवन में हाईस्कूल संचालन की अनुमति नहीं मिलने के बाद शासन ने उपलब्ध अधोसंरचना का बेहतर उपयोग करते हुए यहां फिजियोथेरेपी कॉलेज संचालित करने का निर्णय लिया है। इससे भवन का उपयोग सुनिश्चित होने के साथ जिले में स्वास्थ्य शिक्षा के नए अवसर विकसित होंगे।
50 सीटों पर प्रवेश की तैयारी – फिजियोथेरेपी कॉलेज शुरू होने से जशपुर और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्वास्थ्य क्षेत्र में करियर बनाने के नए अवसर मिलेंगे। 50 सीटों के साथ कॉलेज संचालन की तैयारी है। इससे विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी की व्यावसायिक शिक्षा के लिए अन्य शहरों पर निर्भरता कम होगी। कॉलेज में सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक शिक्षा के माध्यम से प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार होने के साथ रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
फिजियोथेरेपी सेवाओं के विस्तार की भी उम्मीद – कॉलेज की स्थापना का लाभ विद्यार्थियों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को भी मिल सकता है। जिले के कई मरीजों को फिजियोथेरेपी उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। स्थानीय स्तर पर शिक्षा और विशेषज्ञ सेवाओं के विस्तार से भविष्य में ऐसे मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
चराईडांड में 13.93 करोड़ रुपये से बनेगा स्थायी हाईटेक कैंपस – फिजियोथेरेपी कॉलेज के लिए चराईडांड के पास करीब 13 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से स्थायी हाईटेक कैंपस विकसित करने की योजना है। स्थायी परिसर के निर्माण तक कंडोरा के तैयार भवन का उपयोग कॉलेज संचालन के लिए किया जाएगा। भविष्य में स्थायी परिसर में विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक अधोसंरचना और बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।
कंडोरा में फिजियोथेरेपी कॉलेज की प्रस्तावित शुरुआत से जशपुर जिले के युवाओं को उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा के नए अवसर मिलने के साथ भविष्य में स्थानीय स्तर पर फिजियोथेरेपी उपचार सुविधाओं के विस्तार को भी गति मिलने की उम्मीद है।

