कोरिया : सेवा की कहानी : नवगईं निवासी शैलेन्द्र को दादाजी से उपहार की तरह मिला आवास

PTV BHARAT 09 OCTOBER 2026 – कोरिया : सेवा की कहानी : नवगईं निवासी शैलेन्द्र को दादाजी से उपहार की तरह मिला आवास – कोरिया जिले की ग्राम पंचायत नवगईं निवासी शैलेन्द्र यादव और उनका परिवार दूसरों के खेतों में मेहनत कर आजीविका चलाता है। परिवार की सीमित आय के बीच पक्के मकान का निर्माण करना कठिन था। ऐसे में उनके दादाजी रघुनाथ यादव के नाम पर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत स्वीकृत पक्का आवास परिवार के लिए उपहार बन गया है। अब तीन पीढ़ियों का परिवार सुरक्षित और मजबूत घर में जीवनयापन कर रहा है।

सीमित आय में परिवार का भरण-पोषण – शैलेन्द्र के पास थोड़ी कृषि भूमि है, जिस पर वे सब्जियों की खेती करते हैं। इसके अलावा वे दूसरों के खेतों में मजदूरी, गांव में पशु चराने और अकुशल रोजगारमूलक योजनाओं के माध्यम से आजीविका चलाते हैं। सीमित आय के कारण परिवार के लिए पक्का मकान बनाना बड़ी चुनौती थी।

प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला संबल – प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत रघुनाथ यादव को पक्के मकान की स्वीकृति मिली। अधिक उम्र होने के कारण वे अपने नाती शैलेन्द्र के साथ रहते हैं। योजना से बने इस मकान ने परिवार को सुरक्षित आश्रय दिया है। पहले कच्चे घर में बारिश और ठंड के दौरान होने वाली परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन पक्का आवास बनने से परिवार की यह समस्या दूर हो गई है।

परिवार की स्थायी पहचान बना आवास – शैलेन्द्र यादव ने कहा कि दादाजी रघुनाथ यादव के नाम पर स्वीकृत यह पक्का आवास उनके लिए केवल एक घर नहीं, बल्कि परिवार को जोड़ने वाली कड़ी है। उन्होंने इस उपहार के लिए अपने दादाजी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आवास परिवार की ऐसी स्थायी पहचान है, जो आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *