PTV BHARAT 23 NOVEMBER 2026- रायपुर : बिचौलियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 183 कट्टा अवैध धान जब्त
धान खरीदी महाभियान के अंतर्गत जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी है। इस बीच जिला प्रशासन द्वारा बिचौलियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर सोमवार को प्रशासन की टीम ने कसडोल और सोनाखान तहसील में बिचौलियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 183 कट्टा अवैध धान जब्त किया।
सोनाखान और कसडोल में कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनाखान तहसील के अंतर्गत पांच कोचियों पर कार्रवाई की गई। इसमें थारगांव स्थित रितेश ट्रेडर्स से 21 कट्टा धान, ओम ट्रेडर्स से 42 कट्टा धान तथा सुखरी स्थित मोनू किराना स्टोर से 40 कट्टा धान जब्त कर कार्रवाई की गई।
वहीं, कसडोल तहसील में राजस्व विभाग एवं मंडी के संयुक्त दल ने बिचौलियों के विरुद्ध कार्रवाई की। ग्राम सेल में थोक व्यापारी प्रेमलाल साहू के प्रतिष्ठान से 40 कट्टा तथा थोक व्यापारी यशवंत जायसवाल के प्रतिष्ठान से 40 कट्टा धान जब्त किया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोचियों और बिचौलियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उपार्जन केंद्रों में अवैध धान खपाने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

