PTV BHARAT 09 OCTOBER 2026 – रायपुर : कला और कल्पनाशीलता से युवाओं ने दिया वन्यजीव संरक्षण का संदेश – वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने वाली युवा प्रतिभाओं को गुरुवार को नवा रायपुर स्थित अरण्य भवन के दंडकारण्य सभागार में पुरस्कृत किया गया। वन्यजीव सप्ताह के समापन समारोह में कला और ज्ञान आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
प्राकृतिक आवास और जैव विविधता संरक्षण पर रहा जोर – वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा रायपुर वनमंडल द्वारा कलिंगा विश्वविद्यालय के हरित समूह और प्राणीशास्त्र विभाग के सहयोग से 2 से 8 अक्टूबर तक वन्यजीव सप्ताह मनाया गया। ‘जुड़ते प्राकृतिक आवास, फलते-फूलते वन्यजीव’ थीम पर आयोजित सप्ताह में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रकृति और जैव विविधता संरक्षण का महत्व समझा। कार्यक्रम में प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण कुमार पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा – सप्ताहभर आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने कागज की आकृतियां और घोंसलों के प्रतिरूप बनाने, बीजगोलक (सीड बॉल) निर्माण, वन्यजीव छायाचित्रण और प्रकृति भ्रमण जैसी गतिविधियों में भाग लिया। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
प्रतियोगिताओं के विजेता हुए सम्मानित – शॉर्ट फिल्म मेकिंग प्रतियोगिता में कलिंगा विश्वविद्यालय के देवेश मिंज प्रथम, सिद्धांत नागपुरे द्वितीय और वर्षा साहू तृतीय स्थान पर रहे।
निबंध प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय की श्रेया साहू ने प्रथम, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उपरवारा की शैल्या साहू ने द्वितीय और पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय, माना कैंप के आकाश दास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, माना कैंप की हेमा और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गनोद की दीपिका साहू को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
वन्यजीव सप्ताह के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं और प्रकृति आधारित गतिविधियों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़ने तथा जैव विविधता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का अवसर दिया।

