बस्तर : रामपुर आश्रम में जनभागीदारी से चला स्वच्छता अभियान, वन मंत्री ने किया श्रमदान

PTV BHARAT 09 OCTOBER 2026 – बस्तर : रामपुर आश्रम में जनभागीदारी से चला स्वच्छता अभियान, वन मंत्री ने किया श्रमदान – बस्तर जिले की ग्राम पंचायत चपका स्थित रामपुर आश्रम में सेवा संकल्प अभियान के तहत जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान चलाया गया। वन मंत्री केदार कश्यप ने स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों के साथ झाड़ू लगाकर श्रमदान किया। इस दौरान ऐतिहासिक मंदिर परिसर, मारकंडी नदी घाट और प्राकृतिक जलकुंड की सफाई कर स्वच्छता एवं जलस्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया गया।

सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों की सफाई – अभियान में स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने मिलकर नदी घाट, प्राकृतिक जलकुंड और मंदिर परिसर के आसपास फैले कचरे, प्लास्टिक तथा अन्य अपशिष्ट की सफाई की। वन मंत्री केदार कश्यप ने स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने और धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों के साथ प्राकृतिक जलस्रोतों को स्वच्छ रखने में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

जलस्रोतों को स्वच्छ रखने का लिया संकल्प – इस अवसर पर ग्रामीणों ने जलस्रोतों को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। अभियान में जिला पंचायत बस्तर की अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वच्छ भारत मिशन की टीम और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने श्रमदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *