PTV BHARAT 09 OCTOBER 2026 – रायपुर : डिजिटल क्रॉप सर्वे में शत-प्रतिशत गिरदावरी सुनिश्चित करें : मुख्य सचिव विकासशील – मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में डिजिटल क्रॉप सर्वे के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वे की प्रगति, भूमि अभिलेखों की पूर्णता और शत-प्रतिशत गिरदावरी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में फसल बोई गई है, वहां की वास्तविक स्थिति का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाए। संबंधित खसरों का सत्यापन कर फसल की स्थिति सुनिश्चित की जाए और फसल वाले क्षेत्रों में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पॉलीगॉन बनाकर जानकारी दर्ज की जाए।
डिजिटल क्रॉप सर्वे का क्रॉस वेरिफिकेशन करें – मुख्य सचिव ने सर्वे की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए राज्य स्तर पर टीम गठित कर विभिन्न जिलों में फील्ड वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए। सर्वे में दर्ज जानकारी का मौके पर सत्यापन कर सत्यापित खसरों, सही रिकॉर्ड और पाई गई त्रुटियों की रिपोर्ट तैयार करने को कहा। त्रुटिपूर्ण रिकॉर्ड में सुधार के साथ सर्वे की आंतरिक जांच भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने डिजिटल क्रॉप सर्वे के आंकड़ों का धान की खेती, किसान पंजीयन और धान उपार्जन से संबंधित आंकड़ों के साथ तुलनात्मक परीक्षण करने तथा विभिन्न अभिलेखों की जानकारी का मिलान कर आवश्यक सुधार करने को कहा।
नक्शों की त्रुटियों के निराकरण के लिए तलाशें तकनीकी समाधान – बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान सामने आई बाधाओं की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि नक्शों की अनुपलब्धता और तकनीकी समस्याओं के कारण कार्य अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए। राजस्व विभाग इन समस्याओं के निराकरण के लिए उपयुक्त तकनीकी समाधान तलाशे और आवश्यकतानुसार नक्शों को अद्यतन करने की कार्ययोजना तैयार करे। भौतिक सत्यापन और पॉलीगॉन सत्यापन से जुड़े मामलों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टरों के साथ बैठक कर करें समीक्षा – मुख्य सचिव ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति और सत्यापन कार्यों की समीक्षा के लिए कलेक्टरों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिलों में गांवों और खेतों के रिकॉर्ड का सत्यापन कर कमियों को दूर करने के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। सर्वे की नियमित निगरानी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य को प्रभावी ढंग से पूरा करने पर भी जोर दिया।
बैठक में मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की सचिव रीना बाबा साहब कंगाले, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी, संचालक उद्योग प्रभात मलिक, संचालक भू-अभिलेख विनीत नंदनवार और संचालक खाद्य फरिया आलम सिद्दीकी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

