रायपुर : शहर के समग्र विकास और बेहतर प्रबंधन के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश

PTV BHARAT 09 OCTOBER 2026 – रायपुर : शहर के समग्र विकास और बेहतर प्रबंधन के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश – नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने जयस्तंभ चौक स्थित मल्टी लेवल पार्किंग के तीसरे माले में संचालित इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) वार रूम का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेकर यातायात प्रबंधन, महिला सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, अवैध निर्माण एवं खुदाई पर नियंत्रण और नागरिकों में नागरिक बोध (सिविक सेंस) विकसित करने से जुड़े विषयों की समीक्षा की। उन्होंने इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए समन्वित कार्ययोजना तैयार करने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ITMS वार रूम को सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस के रूप में विकसित करने पर जोर – प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने वार रूम में उपलब्ध तकनीकी संसाधनों, निगरानी व्यवस्था और आंकड़ों के उपयोग का निरीक्षण किया। उन्होंने ITMS वार रूम को सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस के रूप में विकसित करने तथा शहरी प्रबंधन, विभागीय समन्वय और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था का होगा आकलन – बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की संख्या, यातायात के दबाव और सड़कों की क्षमता का आकलन करने तथा नियमित निरीक्षण पर जोर दिया गया। यातायात संबंधी समस्याओं की पहचान और उनके समाधान के लिए ट्रैफिक पुलिस, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) और नगर निगम की संयुक्त टीम बनाकर समन्वित प्रयास करने तथा जनजागरूकता गतिविधियां बढ़ाने पर चर्चा हुई।

स्वच्छता और सैनिटेशन व्यवस्था होगी मजबूत – प्रमुख सचिव ने प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई तथा घर-घर कचरा संग्रहण को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। ITMS की निगरानी व्यवस्था के माध्यम से गंदगी वाले स्थलों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। उन्होंने कचरे के उचित प्रबंधन, संबंधित विभागों के बीच समन्वय और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता बताई। स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए जनजागरूकता गतिविधियों को भी बढ़ावा देने पर चर्चा हुई।

महिला सुरक्षा और आपदा प्रबंधन पर विशेष ध्यान – बैठक में महिला सुरक्षा को मजबूत बनाने और आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई। ITMS की निगरानी व्यवस्था और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग की संभावनाओं पर विचार किया गया। आपदा प्रबंधन के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा पर जोर दिया गया, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई हो सके।

अवैध खुदाई और निर्माण पर प्रभावी निगरानी – शहर में अवैध खुदाई और अवैध निर्माण पर नियंत्रण के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर चर्चा हुई। निर्माण स्थलों पर निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा मानकों के बिना किए जा रहे निर्माण कार्यों पर रोक लगाने के लिए संबंधित विभागों को समन्वित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य निर्माण गतिविधियों के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सार्वजनिक स्थलों पर होने वाली समस्याओं को रोकना है।

जनजागरूकता से विकसित होगा नागरिक बोध – बैठक में नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने, सार्वजनिक संपत्ति का संरक्षण करने और शहर की व्यवस्थाओं के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया। ट्रैफिक पुलिस, RTO और नगर निगम की संयुक्त भागीदारी से जनजागरूकता अभियान चलाने पर चर्चा हुई, ताकि नागरिकों में सिविक सेंस विकसित हो और शहरी प्रबंधन में जनभागीदारी बढ़े।

निरीक्षण के दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक नीलेश महादेव क्षीरसागर, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमित अग्रवाल, रायपुर नगर निगम के आयुक्त संबित मिश्रा, अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, DCP अर्चना सिंह, ACP ट्रैफिक स्नेहिल साहू, संयुक्त संचालक एस.के. सुंदरानी, अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील अग्रहरि और अधीक्षण अभियंता प्रदीप यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *