PTV BHARAT 10 OCTOBER 2026 – सरगुजा : हाथी प्रभावित गांवों में पहुंचे पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, अधिकारियों को त्वरित राहत के निर्देश – पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड के हाथी प्रभावित ग्राम मरडीह, फुंगी और कुरमंतपारा का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और नुकसान की जानकारी ली। इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों, एसडीएम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने में न हो विलंब – मंत्री अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हाथियों से हुए नुकसान का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ आकलन किया जाए। प्रभावित परिवारों के मामलों में आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को समय पर राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मंत्री ने कहा कि हाथियों की गतिविधियों से प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों की परिस्थितियों को लेकर शासन संवेदनशील है। ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने के लिए सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी से कार्य करना होगा।
जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : मंत्री अग्रवाल – मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि हाथी प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान की जानकारी मिलने पर वे स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचे हैं। प्रभावित परिवारों की समस्याओं को समझना और उन्हें समय पर राहत दिलाना शासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को नुकसान का शीघ्र आकलन कर नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा, प्रभावित परिवारों को राहत और हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। वन विभाग और स्थानीय प्रशासन आपसी समन्वय से काम करें, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। ग्रामीणों की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील – मंत्री अग्रवाल ने ग्रामीणों से हाथियों की मौजूदगी के दौरान सावधानी बरतने और किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें तथा वन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। हाथियों की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।
मंत्री ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शासन और प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान तथा प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित गांवों की स्थिति पर लगातार नजर रखने और सुरक्षा एवं राहत संबंधी कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस दौरान वन विभाग के अधिकारी, एसडीएम, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

