नारायणपुर : सेवा संकल्प अभियान से अबूझमाड़ के नयापारा तक पहुंचेगा शुद्ध पेयजल

PTV BHARAT 11 OCTOBER 2026 – नारायणपुर : सेवा संकल्प अभियान से अबूझमाड़ के नयापारा तक पहुंचेगा शुद्ध पेयजल – छत्तीसगढ़ सरकार के सेवा संकल्प अभियान के तहत दूरस्थ वनांचल और दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में नारायणपुर जिले के ग्राम परपा (कुतुल) के नयापारा में नलकूप खनन का कार्य शुरू कर दिया गया है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित आवागमन के बावजूद शुरू हुई इस पहल से ग्रामीणों को जल्द ही घर के समीप शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होने की उम्मीद है।

दूरस्थ क्षेत्रों में पेयजल सुविधा से मिलेगी राहत – कुतुल जैसे दुर्गम क्षेत्रों में भौगोलिक चुनौतियों और आवागमन की कठिनाइयों के कारण विकास कार्यों को पूरा करना चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में नलकूप खनन की यह पहल उन परिवारों के लिए राहत लेकर आएगी, जिन्हें पानी के लिए पारंपरिक स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता है।

घर के नजदीक स्वच्छ जल उपलब्ध होने से ग्रामीण महिलाओं और परिवारों को पानी जुटाने में लगने वाले समय और मेहनत से राहत मिलेगी। साथ ही, सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता से जलजनित बीमारियों का खतरा कम करने और बेहतर स्वास्थ्य संबंधी आदतों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

जल की गुणवत्ता की भी होगी जांच – नारायणपुर जिले के दूरस्थ अंचलों में जल स्रोतों का विकास और रखरखाव ग्रामीणों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नलकूप खनन का कार्य पूरा होने के बाद पानी की गुणवत्ता की जांच की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जा सके।

सेवा संकल्प अभियान के तहत शुरू हुई यह पहल नयापारा के निवासियों को राहत देने के साथ दूरस्थ क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के प्रयासों को आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *