PTV BHARAT 11 OCTOBER 2026 – धमतरी : ट्रेन हादसे में हाथ गंवाने वाले तेजराम साहू को ‘सेवा संकल्प’ से मिला आत्मविश्वास – छत्तीसगढ़ में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘निदान-03’ शिविर दिव्यांगजनों के जीवन में बदलाव ला रहा है। इसकी मिसाल धमतरी जिले के ग्राम गोजी निवासी तेजराम साहू हैं, जिन्हें वर्षों के संघर्ष के बाद कृत्रिम हाथ मिला है। तेजराम ने कहा कि यह सिर्फ कृत्रिम हाथ नहीं, बल्कि उनकी संपूर्णता और स्वाभिमान का अहसास है।
18 वर्ष की उम्र में ट्रेन हादसे में गंवाया था हाथ – तेजराम साहू महज 18 वर्ष की उम्र में एक भीषण ट्रेन दुर्घटना में अपना दायां हाथ गंवा बैठे थे। गंभीर चोटों के कारण चिकित्सकों की सलाह पर उनका हाथ काटना पड़ा। इसके बाद रोजमर्रा के काम करने और आजीविका चलाने में उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हालांकि, उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लगातार संघर्ष करते हुए जीवन में आगे बढ़ते रहे।
निदान-03 शिविर में डेढ़ से दो घंटे में मिला कृत्रिम हाथ – जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग और भगवान महावीर दिव्यांग सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘निदान-03’ शिविर ने तेजराम के जीवन में नई उम्मीद जगाई। शिविर में भगवान महावीर सेवा संस्थान के इंजीनियरों ने उनके हाथ का माप लेकर कृत्रिम हाथ तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की। महज डेढ़ से दो घंटे में कृत्रिम हाथ तैयार कर उन्हें सौंप दिया गया।
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम – कृत्रिम हाथ मिलने पर तेजराम भावुक हो गए। उन्होंने जिला प्रशासन और समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनके लिए रोजमर्रा के काम करना आसान होगा और वे अपने कार्य स्वयं कर सकेंगे।
तेजराम साहू की कहानी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के मानवीय उद्देश्य को दर्शाती है। यह पहल जरूरतमंद दिव्यांगजनों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने में मदद कर रही है। शिविर के माध्यम से मिली त्वरित सहायता ने तेजराम के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार किया है।

