गरियाबंद : बरसात के बाद निर्माण कार्यों में आएगी तेजी, गुणवत्ता और समय-सीमा पर जोर

PTV BHARAT 11 OCTOBER 2026 – गरियाबंद : बरसात के बाद निर्माण कार्यों में आएगी तेजी, गुणवत्ता और समय-सीमा पर जोर

बरसात के बाद सड़कों, पुल-पुलियों और भवनों के निर्माण को गति देने की तैयारी है। लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के साथ गुणवत्ता और समय-सीमा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी तेज कर दी है। वरिष्ठ अधिकारी अब निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर कार्यों की वास्तविक स्थिति और प्रगति का जायजा लेंगे। इसी कड़ी में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने गरियाबंद जिले का दौरा कर सड़कों, पुलों और भवनों के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्माण में आ रही बाधाओं की जानकारी ली और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

सड़क परियोजनाओं का निरीक्षण

सचिव बंसल ने फिंगेश्वर विकासखंड में कोपरा-पोखरा मार्ग के 26.20 किलोमीटर लंबे मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस परियोजना में पुल-पुलियों का निर्माण भी शामिल है। उन्होंने राजिम में नवीन मेला स्थल चौबेबांधा से लक्ष्मण झूला तक 3.50 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग के निर्माण की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शासकीय भवनों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

सचिव ने गरियाबंद में निर्माणाधीन शासकीय भवनों का निरीक्षण किया। इनमें व्यवहार न्यायालय में न्यायिक अधिकारियों के लिए बनाए जा रहे दो डी-टाइप आवासगृह, जिला परिवहन कार्यालय भवन और 40 जीएडी आवासगृह शामिल हैं। उन्होंने इन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दुर्गम क्षेत्रों की परियोजनाओं का भी लिया जायजा

बंसल ने बिंद्रानवागढ़ क्षेत्र के दुर्गम इलाकों में कसाबाय-पतोरा दादर मार्ग के आरडी 135 पर चचंगी नाला में निर्मित पुल एवं पहुंच मार्ग का निरीक्षण किया। यह कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके साथ ही उन्होंने कसाबाय-सातधार मार्ग पर हलफली नाला में उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य की स्थिति भी देखी। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों में संचालित परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी विभागीय अधिकारियों से ली।

अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ समीक्षा बैठक

मैदानी निरीक्षण के बाद सचिव बंसल ने गरियाबंद सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यों में आ रही समस्याओं और बाधाओं की जानकारी लेते हुए स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। बरसात के बाद कार्यों को गति देने के लिए विभागीय अमले को सक्रियता से काम करना होगा। निर्माण कार्यों की सतत निगरानी और वरिष्ठ अधिकारियों के मैदानी निरीक्षण से वास्तविक प्रगति पर नजर रखी जाएगी।

सचिव ने लोक निर्माण विभाग के संभागीय कार्यालय और परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छता, रखरखाव और कार्यालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता व्ही. के. भतपहरी सहित मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी और उप अभियंता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *