कोरिया : बिहान की मदद से बदली उर्मिला राजवाड़े की जिंदगी, आजीविका के नए अवसरों से बनीं आत्मनिर्भर

PTV BHARAT 14 OCTOBER 2026 – कोरिया : बिहान की मदद से बदली उर्मिला राजवाड़े की जिंदगी, आजीविका के नए अवसरों से बनीं आत्मनिर्भर

कोरिया जिले के वनांचल क्षेत्र सोनहत विकासखंड के ग्राम पंचायत लटमा की उर्मिला राजवाड़े आज अपनी मेहनत और उद्यमशीलता के दम पर क्षेत्र में पहचान बना रही हैं। बिहान योजना से मिली सहायता ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने और एक सफल व्यवसायी के रूप में स्थापित होने का अवसर दिया है। आज वे किराना दुकान, कपड़ा व्यवसाय और निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली कांक्रीट मिक्सिंग मशीन किराए पर देने का काम कर रही हैं। अपनी मेहनत से वे गांव की ‘लखपति दीदी’ बनकर ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं।

स्व-सहायता समूह से जुड़कर मिली विकास की राह

स्व-सहायता समूह से जुड़ने से पहले उर्मिला राजवाड़े अपने परिवार के साथ घरेलू कार्यों और कृषि से होने वाली सीमित आय पर निर्भर थीं। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य होने के कारण अतिरिक्त आय अर्जित करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था।

इसी दौरान वे बिहान योजना के अंतर्गत प्रज्ञा महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ीं। समूह के माध्यम से उन्हें बचत, बैंकिंग और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी मिली, जिससे उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने की दिशा में कदम बढ़ाया। समूह के माध्यम से तीन लाख रुपये का बैंक ऋण प्राप्त कर उन्होंने अपनी आजीविका गतिविधियों का विस्तार किया।

किराना और कपड़ा दुकान के साथ मिक्सर मशीन का व्यवसाय

ऋण राशि मिलने के बाद उर्मिला ने अपने घर पर किराना स्टोर और कपड़े की दुकान शुरू की। गांव में पक्के मकानों के निर्माण के दौरान निर्माण सामग्री एवं संबंधित सेवाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए उन्होंने आय का एक और स्रोत विकसित किया। इसके तहत उन्होंने कांक्रीट मिक्सिंग मशीन का संचालन शुरू किया और उसे किराए पर देने लगीं।

इन विभिन्न व्यवसायों से उनकी आमदनी में लगातार वृद्धि हुई और परिवार की आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया। आज उर्मिला राजवाड़े अपनी मेहनत, लगन और उद्यमशीलता के बल पर सालाना दो लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित कर रही हैं। वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

बिहान ने बढ़ाया आत्मविश्वास, मिली नई पहचान

उर्मिला राजवाड़े ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बिहान योजना ने उन्हें स्वरोजगार का अवसर देने के साथ आत्मविश्वास से आगे बढ़ने और समाज में अपनी अलग पहचान बनाने में मदद की है।

उर्मिला की सफलता यह दर्शाती है कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से मिलने वाली वित्तीय सहायता, सही मार्गदर्शन और स्वयं के प्रयासों से ग्रामीण महिलाएं अपनी आजीविका के नए साधन विकसित कर सकती हैं। आज वे आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की प्रेरणादायक मिसाल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *