बालोद : प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से संवर रही ग्राम मोंगरी की राह

PTV BHARAT 25 OCTOBER 2026 – बालोद : प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से संवर रही ग्राम मोंगरी की राह

ग्रामीण अंचलों को मुख्य मार्गों से जोड़ने और बारहमासी सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ग्रामीणों के लिए लाभकारी साबित हो रही है। इसी कड़ी में बालोद जिले के ग्राम पंचायत मोंगरी में वर्षों से प्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति मिलने के बाद तेजी से कराया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत मोंगरी से भाठापारा तक 1.080 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 84.53 लाख रुपए की लागत से किया जा रहा है। पक्की सड़क बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।

बदहाल मार्ग और हादसों के जोखिम से मिलेगी राहत

ग्राम पंचायत मोंगरी के सरपंच रोशन लाल सोनवानी ने बताया कि बाजार चौक से हाई स्कूल होते हुए जाने वाला यह मार्ग लंबे समय से जर्जर और बदहाल था। बारिश के दिनों में दलदल और गड्ढों के कारण इस रास्ते से गुजरना जोखिमभरा हो जाता था। खराब सड़क के चलते विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती थी। इसके अलावा, आपातकालीन परिस्थितियों में गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौतीपूर्ण था।

ग्रामीणों की लगातार मांग को ध्यान में रखते हुए शासन ने 84.53 लाख रुपए की लागत से पक्की सड़क निर्माण की स्वीकृति दी और कार्य शुरू कराया। इससे गांव में खुशी का माहौल है।

अस्पताल और चारपहिया वाहनों की आवाजाही होगी आसान

उपसरपंच खिलेश्वर प्रसाद साहू ने बताया कि पक्की सड़क नहीं होने के कारण गांव के इस हिस्से में चारपहिया वाहनों और एंबुलेंस के पहुंचने में परेशानी होती थी। गांव में पहली बार व्यवस्थित ढंग से मजबूत सड़क का निर्माण होते देख ग्रामीण उत्साहित हैं। सड़क बनने के बाद आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को गांव तक पहुंचाना आसान होगा।

अंतिम छोर के मोहल्ले और स्कूल को मिलेगा सीधा लाभ

वार्ड क्रमांक 12 निवासी बिसम्भर राम साहू ने बताया कि उनका घर सड़क के अंतिम छोर पर स्थित है। मार्ग की खराब स्थिति के कारण दो प्रमुख वार्डों के निवासियों को रोजमर्रा के आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। पक्की सड़क तैयार होने से मोहल्लेवासियों के साथ-साथ हाई स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।

ग्राम पंचायत मोंगरी के सरपंच रोशन लाल सोनवानी, उपसरपंच खिलेश्वर प्रसाद साहू, वार्डवासी बिसम्भर राम साहू सहित ग्रामीणों ने गांव की वर्षों पुरानी मांग पूरी करने और 84.53 लाख रुपए की लागत से पक्की सड़क की सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *