PTV BHARAT 27 OCTOBER 2026 – रायपुर : सेवा सेतु केंद्र से नागरिकों को एक ही छत के नीचे मिल रहीं 442 से अधिक डिजिटल सेवाएं
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ सरल, सुलभ एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा सेतु केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय सेवाएं मिल रही हैं। इससे जरूरी दस्तावेज बनवाने की प्रक्रिया आसान हुई है और लोगों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल रही है।
इसी कड़ी में मुंगेली कलेक्टोरेट परिसर स्थित सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से ग्राम धरमपुरा निवासी कुणाल कुर्रे का जाति प्रमाण पत्र बनाया गया। कुणाल के पिता नरोत्तम कुर्रे ने बताया कि केंद्र में एक ही स्थान पर विभिन्न डिजिटल सेवाएं उपलब्ध होने से आवश्यक दस्तावेज बनवाना सुविधाजनक हुआ है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए सेवा सेतु केंद्र के संचालन के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
एक ही छत के नीचे 442 से अधिक डिजिटल सेवाएं
छत्तीसगढ़ शासन ने नागरिक सेवाओं को अधिक सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाने के लिए पुराने लोक सेवा केंद्रों को उन्नत कर सेवा सेतु केंद्र के रूप में विकसित किया है। इन केंद्रों के माध्यम से आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, भवन अनुज्ञा तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित सेवाओं सहित 442 से अधिक डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सेवा सेतु केंद्र शासन की डिजिटल पहल को जमीनी स्तर पर साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। एक ही स्थान पर अनेक सेवाएं मिलने से नागरिकों का समय और श्रम बच रहा है तथा शासकीय सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान हो रही है। कुणाल कुर्रे को सहजता से जाति प्रमाण पत्र मिलना इस बात का उदाहरण है कि डिजिटल सेवा व्यवस्था आम नागरिकों के लिए उपयोगी साबित हो रही है।

