PTV BHARAT 13 NOVEMBER 2026- रायपुर : विद्यार्थियों और शोधार्थियों को ONOS के माध्यम से 13 हजार से अधिक शोध पत्रिकाओं तक मिली पहुंच
इन्फॉर्मेशन लाइब्रेरी नेटवर्क सेंटर, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (नई दिल्ली) और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन (ONOS) पर एक दिवसीय क्षेत्रीय प्रशिक्षण-सह-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन आज कृषि महाविद्यालय, रायपुर के सभागार में किया गया। देश के पूर्वी क्षेत्र के राज्यों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल थे।
कार्यक्रम का उद्देश्य वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन पहल के उद्देश्यों, प्रमुख विशेषताओं, उपलब्धता और प्रभावी उपयोग के संबंध में प्रतिभागियों को जागरूक करना था। भारत सरकार की इस पहल के माध्यम से केंद्रीकृत सदस्यता व्यवस्था के अंतर्गत देशभर के पात्र उच्च शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थानों को शोध प्रकाशनों और अकादमिक पत्रिकाओं तक पहुंच उपलब्ध कराई जा रही है।
30 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रकाशकों की 13 हजार से अधिक शोध पत्रिकाओं तक पहुंच
उल्लेखनीय है कि उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान की गुणवत्ता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत सरकार ने वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन योजना प्रारंभ की है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 25 नवंबर 2024 को इसे स्वीकृति प्रदान की थी और इसका क्रियान्वयन 1 जनवरी 2025 से शुरू हुआ। योजना के प्रथम चरण (2025-2027) के लिए लगभग 6,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अंतर्गत देश के पात्र उच्च शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थानों को 30 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रकाशकों की 13,000 से अधिक प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं तक एकीकृत डिजिटल पहुंच उपलब्ध कराई जा रही है। इस योजना का क्रियान्वयन शिक्षा मंत्रालय के माध्यम से इन्फॉर्मेशन लाइब्रेरी नेटवर्क सेंटर, यूजीसी द्वारा किया जा रहा है।
कृषि अनुसंधान और उच्च शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने कहा कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय जैसे कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान के लिए यह योजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे विश्वविद्यालय के शिक्षकों, वैज्ञानिकों और शोधार्थियों को कृषि विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी, फसल सुधार, पादप संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और टिकाऊ कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में नवीनतम अंतरराष्ट्रीय शोध एवं वैज्ञानिक जानकारी तक पहुंच मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इससे स्नातकोत्तर एवं पीएचडी शोधार्थियों के शोध कार्य की गुणवत्ता में सुधार होगा। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ सहयोग और बहुविषयक अनुसंधान को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद में ONOS योजना के प्रभारी डॉ. एस.के. त्रिपाठी ने योजना का महत्व बताते हुए कहा कि यह कृषि अनुसंधान एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में वैश्विक ज्ञान और नवीनतम वैज्ञानिक शोध तक पहुंच उपलब्ध कराने वाली महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल है। इसका प्रभावी उपयोग इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में शोध की गुणवत्ता, नवाचार, अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सहयोग और कृषि तकनीकी विकास को नई दिशा प्रदान कर सकता है।
विश्वविद्यालय में ONOS योजना के अधिकतम उपयोग के लिए इसके पंजीकरण एवं क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में नेहरू पुस्तकालय के पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. उदय कुमार वट्टी ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत की।
योजना की कार्यप्रणाली और उपयोग पर दिया गया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ONOS की कार्यप्रणाली, इसकी पहुंच एवं उपयोग की सुविधाओं, विभिन्न विशेषताओं के व्यावहारिक उपयोग तथा प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़ी समस्याओं और चुनौतियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य शोध एवं शैक्षणिक सूचना संसाधनों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उनकी उपलब्धता एवं पहुंच में सुधार करना तथा शिक्षण, अध्ययन और अनुसंधान गतिविधियों में ONOS के प्रभावी उपयोग को प्रोत्साहित करना है।
विश्वविद्यालय के अधिकारी, वैज्ञानिक और शोधार्थी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कृषि महाविद्यालय, रायपुर की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे, संचालक, अनुसंधान सेवाएं डॉ. विवेक कुमार त्रिपाठी, संचालक, विस्तार सेवाएं डॉ. एस.एस. टुटेजा, अधिष्ठाता, खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, रायपुर डॉ. एस.एस. सेंगर, संचालक, शिक्षण डॉ. विजय कुमार, संचालक, प्रक्षेत्र डॉ. एन.के. रस्तोगी तथा अधिष्ठाता, कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी तथा अनुसंधान महाविद्यालय, रायपुर डॉ. वी.एम. विक्टर सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, वैज्ञानिक, शिक्षक एवं शोधार्थी उपस्थित थे।

