PTV BHARAT 13 NOVEMBER 2026- रायपुर : मंजूरी प्राप्त निविदाओं वाले कार्यों के कार्यादेश जल्द जारी करने के निर्देश
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज तीन अलग-अलग बैठकें लेकर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। मंत्रालय में आयोजित बैठक में उन्होंने बस्तर संभाग में आरआरपी और आरसीपीएलडब्ल्यूईए के तहत निर्माणाधीन सड़कों एवं पुलों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, ठेकेदारों से बेहतर समन्वय एवं संवाद स्थापित कर सभी कार्यों में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं लाने और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनके पंजीयन निरस्त करने के निर्देश दिए।
सड़क दुर्घटनाओं के ब्लैक स्पॉट दूर करने पर जोर
मुकेश कुमार बंसल ने सड़कों पर ब्लैक स्पॉट दूर करने के लिए विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने आरटीओ और पुलिस अधीक्षक कार्यालयों से समन्वय कर ब्लैक स्पॉट दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने इस दिशा में तत्परता से काम करते हुए सड़कों पर जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सीआईआरएफ और नाबार्ड से सहायता प्राप्त परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की।
विद्युत एवं यांत्रिकी कार्यों की गुणवत्ता और भुगतान की समीक्षा
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में विद्युत एवं यांत्रिकी परिक्षेत्र के कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी निर्माण कार्यों में अच्छी गुणवत्ता की सामग्री और उपकरणों (Appliances) का उपयोग करने को कहा। उन्होंने उपकरणों, भवनों एवं परिसंपत्तियों का किफायती रखरखाव सुनिश्चित करने और मितव्ययता बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्युत एवं यांत्रिकी कार्यों के लिए ठेकेदारों को किए जाने वाले भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 तक के सभी बिलों का भुगतान दिसंबर तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी लंबित भुगतानों की जानकारी एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने को कहा।
निविदा स्वीकृत होने पर जल्द जारी हों कार्यादेश
मुकेश कुमार बंसल ने सभी परिक्षेत्रों, राष्ट्रीय राजमार्गों, विद्युत एवं यांत्रिकी तथा सेतु बंध के मुख्य अभियंताओं की बैठक लेकर भवनों, सड़कों और पुलों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों की निविदाएं स्वीकृत हो चुकी हैं, उनके कार्यादेश चयनित ठेकेदारों एवं एजेंसियों को जल्द जारी किए जाएं।
उन्होंने भू-अर्जन, वन व्यपवर्तन और मुआवजा प्रकरणों के निराकरण की भी समीक्षा की। विभागीय अधिकारियों को जून 2027 से पहले मरम्मत किए जा सकने वाले सड़कों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए।
नियमित फील्ड विजिट और कार्यों की मॉनिटरिंग के निर्देश
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे कार्यों की कड़ाई से मॉनिटरिंग करने और उन्हें नियमित भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह कम से कम दो दिन फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए। सभी मुख्य अभियंताओं से अधीक्षण अभियंता से लेकर उप अभियंता तक के अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने को भी कहा।
बैठकों में अनुकंपा नियुक्ति, पेंशन प्रकरणों और नए बजट की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, सीजीआरआईडीसीएल के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय और उप सचिव अंशिका पाण्डेय सहित सभी मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, विद्युत एवं यांत्रिकी परिक्षेत्र के कार्यपालन अभियंता तथा अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

