विशेष लेख : भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर पर विशेष

PTV BHARAT 13 NOVEMBER 2026- विशेष लेख : भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर पर विशेष

महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, जनजातीय गौरव के प्रतीक और ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा जल, जंगल, जमीन एवं जनजातीय अस्मिता के सजग प्रहरी थे। उन्होंने अन्याय और विदेशी शासन के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंककर आदिवासी समाज में स्वाभिमान और अधिकारों की चेतना जागृत की। अल्पायु में ही मातृभूमि, समाज और संस्कृति की रक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव अमर रहेगा। उनका साहस, नेतृत्व और जनसेवा का भाव आज भी हमें सामाजिक न्याय, स्वाभिमान और राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।

भारतीय इतिहास में ‘धरती आबा’ (धरती पिता) के नाम से पूजे जाने वाले बिरसा मुंडा केवल एक क्रांतिकारी नहीं थे, बल्कि आदिवासी चेतना, स्वाभिमान और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के सबसे बड़े प्रतीकों में से एक थे। 19वीं सदी के अंत में जब ब्रिटिश हुकूमत और जमींदार मिलकर आदिवासियों का शोषण कर रहे थे, तब बिरसा मुंडा ने ऐसी चेतना जगाई, जिसने अंग्रेजी साम्राज्य को चुनौती दी।

प्रारंभिक जीवन और चेतना का उदय

बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को वर्तमान झारखंड के खूंटी जिले के उलीहातु गांव में हुआ था। भारत सरकार उनके जन्मदिन 15 नवंबर को हर साल जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाती है। उनका बचपन चाईबासा के जंगलों और खेतों में बीता। शिक्षा के लिए उन्होंने कुछ समय ईसाई मिशनरी स्कूल में दाखिला लिया, जहां उनका नाम बिरसा डेविड रखा गया। स्कूल के दिनों में ही उन्होंने महसूस किया कि मिशनरी और ब्रिटिश व्यवस्था आदिवासियों की संस्कृति, भाषा तथा पारंपरिक अधिकारों को नुकसान पहुंचा रही है। इसके बाद उन्होंने मिशनरी स्कूल छोड़ दिया और अपनी संस्कृति की रक्षा का संकल्प लिया।

बिरसा संप्रदाय और सामाजिक सुधार

क्रांतिकारी आंदोलन से पहले बिरसा मुंडा ने समाज को भीतर से मजबूत करने का प्रयास किया। उन्होंने देखा कि अंधविश्वास और नशे के कारण आदिवासी समाज कमजोर हो रहा है। उन्होंने आदिवासियों को एक ईश्वर सिंगबोंगा की पूजा करने की सलाह दी। सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए शराबबंदी, पशु बलि के विरोध और स्वच्छता पर जोर दिया। उनके विचारों से प्रभावित होकर हजारों लोग उनके अनुयायी बन गए और उन्हें प्यार से ‘धरती आबा’ कहकर पुकारने लगे।

उलगुलान : महान विद्रोह की शुरुआत

उलगुलान मुंडारी भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ महान उथल-पुथल या विद्रोह है। यह आंदोलन ब्रिटिश सरकार की दिकू नीति के खिलाफ था। दिकू यानी बाहरी शोषक, जमींदार और सूदखोर आदिवासियों की जमीनें छीन रहे थे। बिरसा मुंडा ने सिंहभूम और रांची के जंगलों में आदिवासियों को एकजुट किया और नारा दिया—‘अबुआ राज एते जाना, महारानी राज टुंडू जाना’, अर्थात अब हमारा राज शुरू हो गया है और महारानी का राज समाप्त हो गया है।

मुंडा समुदाय के लोग तीर-कमान और पारंपरिक हथियारों से लैस होकर ब्रिटिश चौकियों, थानों और जमींदारों पर गुरिल्ला युद्ध के माध्यम से हमला करते थे। डोम्बारी पहाड़ी इस आंदोलन का एक ऐतिहासिक केंद्र बनी।

1 अक्टूबर 1894 को बिरसा ने एक प्रखर युवा नेता के रूप में जन अधिकारों की रक्षा के लिए हुंकार भरी। उन्होंने अवैध जमींदारी के विरोध में लगान माफी आंदोलन का सूत्रपात किया। अंग्रेजी सरकार ने इसे अपने शासन के विरुद्ध खुली चुनौती माना और 1895 में उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्हें हजारीबाग केंद्रीय कारागार में दो वर्ष के कारावास की सजा दी गई।

रिहाई के बाद उन्होंने शांत बैठने के बजाय छोटानागपुर क्षेत्र में अकाल और महामारी से पीड़ित लोगों की सेवा की। उनकी सेवा भावना ने उन्हें जन-जन का प्रिय बना दिया। उनका संघर्ष अब केवल आर्थिक अधिकारों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जनजातीय स्वाभिमान और संस्कृति की रक्षा का महासंग्राम बन गया। उन्होंने ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ अर्थात ‘हमारा देश, हमारा राज’ का उद्घोष किया। इस नारे ने समाज में नई चेतना का संचार किया।

महानायक का बलिदान

1897 से 1900 के मध्य बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश सत्ता के विरुद्ध सशस्त्र संघर्ष शुरू किया। इसके लिए उन्होंने गुरिल्ला युद्ध की रणनीति अपनाई। उनके बढ़ते प्रभाव से अंग्रेज अधिकारी और शोषक वर्ग भयभीत हो उठे। 24 दिसंबर 1899 को आंदोलन अत्यंत उग्र हो गया और पुलिस थानों पर तीरों से हमले किए गए। इस संघर्ष के दौरान अंग्रेजी सेना ने डोम्बारी बुरु पहाड़ी पर निहत्थे जनजातीय लोगों पर बर्बरतापूर्वक गोलीबारी की। जनजातीय लोगों ने अदम्य साहस का परिचय दिया, लेकिन उनके तीर-कमान अंग्रेजों के आधुनिक हथियारों और गोलियों के सामने अधिक समय तक टिक नहीं सके।

ब्रिटिश सेना आधुनिक हथियारों से लैस थी, फिर भी बिरसा मुंडा की रणनीतियों के कारण उसे भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था। आखिरकार अंग्रेजों ने बिरसा मुंडा पर इनाम घोषित कर दिया। मार्च 1900 में चक्रधरपुर के जामकोपाई जंगल से उन्हें सोते समय धोखे से गिरफ्तार कर लिया गया। मात्र 24 वर्ष की आयु में 9 जून 1900 को रांची जेल में रहस्यमय परिस्थितियों में उन्होंने अंतिम सांस ली। ब्रिटिश सरकार ने उनकी मृत्यु का कारण हैजा बताया, जबकि इतिहासकारों और उनके अनुयायियों के बीच उनकी मृत्यु को लेकर संदेह रहा है। कुछ विवरणों में उन्हें जेल में धीमा जहर दिए जाने की आशंका भी व्यक्त की गई है।

उनकी शहादत के बाद अंग्रेजों को आदिवासियों की जमीन की रक्षा के लिए छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम, 1908 (Chota Nagpur Tenancy Act, 1908—CNT Act) बनाना पड़ा। इस कानून ने बाहरी लोगों द्वारा आदिवासी जमीन खरीदने पर रोक लगाई।

वास्तव में ब्रिटिश भू-राजस्व नीति, मिशनरियों द्वारा धर्म परिवर्तन का दबाव, ‘खुटकट्टी प्रणाली’ का विनाश और ‘दिकू’ अर्थात बाहरी शोषकों का अनैतिक हस्तक्षेप ही इस विद्रोह के मूल कारण थे। मुंडा जनजाति का एक अन्य नारा भी अत्यंत प्रसिद्ध हुआ—‘अबुआ राज एतेर जना, महारानी राज तुदु जना’, जिसका अर्थ था कि अब हमारा राज स्थापित हो और ब्रिटिश महारानी का शासन समाप्त हो।

जनजातीय गौरव और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा

धरती आबा बिरसा मुंडा का जीवन हमें सिखाता है कि जब बात अपनी संस्कृति, अस्मिता और अधिकारों की हो, तो संसाधनों की कमी कभी भी हौसलों को डिगा नहीं सकती। भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय समाज की अस्मिता के संरक्षण, अदम्य संघर्ष और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध उनके जनआंदोलन ने जनजातीय गौरव की अमिट ज्योति प्रज्वलित की। समाज और संस्कृति के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए त्याग और वीरता की अद्वितीय शौर्यगाथा है।

आजादी के 75वें वर्ष के अवसर पर वर्ष 2021 में केंद्र सरकार ने आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को सम्मानित करने के लिए 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित किया। भारत सहित जनजातीय समुदाय के लोग बिरसा मुंडा की जयंती बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं। भारतीय समाज उनके योगदान को प्रेरणादायक मानता है। बिरसा मुंडा के जीवन की अनेक विलक्षण घटनाओं के कारण लोग उन्हें असाधारण व्यक्तित्व मानते हैं और भगवान का दर्जा देकर उनकी पूजा करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *