PTV BHARAT 14 NOVEMBER 2026- रायपुर : महतारी वंदन योजना से पहाड़ी कोरवा महिला शांति को मिल रहा आर्थिक संबल
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना के तहत मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता से महिलाएं परिवार की जरूरतों को पूरा करने में अपनी भागीदारी निभा रही हैं। विशेष रूप से विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय की महिलाओं के लिए यह योजना आर्थिक संबल का माध्यम बन रही है। योजना का लाभ लेकर महिलाएं बच्चों के पालन-पोषण, शिक्षा और दैनिक आवश्यकताओं पर खर्च कर पा रही हैं।
सरगुजा जिले के ग्राम मानिकप्रकाशपुर निवासी पहाड़ी कोरवा जनजाति की शांति के जीवन में भी महतारी वंदन योजना आर्थिक सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है। चार बच्चों की जिम्मेदारी संभाल रहीं शांति बताती हैं कि योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली राशि से उन्हें बच्चों की जरूरतें पूरी करने और परिवार के खर्चों का प्रबंधन करने में काफी मदद मिल रही है।
बच्चों की जरूरतें पूरी करने में मिल रही मदद
शांति ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाली राशि का उपयोग वह अपने बच्चों की आवश्यकताओं और उनके पालन-पोषण पर करती हैं। नियमित आर्थिक सहायता मिलने से परिवार के खर्चों को पूरा करने में उन्हें सहूलियत मिली है। यह राशि उनके लिए कठिन समय में आर्थिक सहारा बनी है।
मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
योजना से मिल रहे लाभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शांति ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि बच्चों का खर्च चलाने में काफी मददगार है। मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा, “विष्णु भैया ने हम जैसी कमजोर आर्थिक स्थिति वाली बहनों को सहायता देकर सक्षम बना रहे हैं।”
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बनी योजना
उल्लेखनीय है कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और परिवार में उनकी आर्थिक भागीदारी को बढ़ावा देना है। योजना से प्रदेश की लाखों महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। यह सहायता उनके दैनिक जीवन की आवश्यकताओं को पूरा करने और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में उपयोगी साबित हो रही है।

