रायपुर : उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्ट्रीट वेंडर की चाय का लिया आनंद, पथ विक्रेताओं के साथ किया लंच

PTV BHARAT 14 NOVEMBER 2026- रायपुर : उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्ट्रीट वेंडर की चाय का लिया आनंद, पथ विक्रेताओं के साथ किया लंच

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा आज राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने स्ट्रीट वेंडर्स द्वारा लगाए गए फूड स्टॉल्स का भ्रमण किया और एक स्ट्रीट वेंडर के हाथों बनी चाय का आनंद लिया। उनके साथ स्टॉल्स का अवलोकन कर रहे जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मिट्टी के कुल्हड़ में चाय की चुस्कियां लीं।

अरुण साव ने फूड स्टॉल्स के अवलोकन के दौरान पथ विक्रेताओं से बातचीत कर उनके व्यवसाय की जानकारी ली और पीएम स्वनिधि योजना के संबंध में फीडबैक लिया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने महिला पथ विक्रेताओं के साथ बैठकर लंच भी किया।

लाभार्थियों ने साझा किए अनुभव

स्वनिधि महोत्सव के दौरान प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के दो लाभार्थियों ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव के साथ अपने अनुभव साझा किए।

धमतरी के दिलीप यादव ने बताया कि उन्होंने 10 हजार रुपये के ऋण से अपना कारोबार शुरू किया था। समय पर ऋण की किस्तें चुकाने के बाद व्यवसाय बढ़ाने के लिए उन्होंने दूसरे चरण में 20 हजार रुपये और तीसरे चरण में 50 हजार रुपये का ऋण लिया। दिलीप ठेले पर प्लास्टिक के सामान बेचते हैं। उन्होंने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत मिले ऋण से उनका कारोबार आगे बढ़ा और परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया।

फिंगेश्वर की सुशीला श्रीवास्तव ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि वह सिलाई का काम करती हैं। पहले चरण में मिले 10 हजार रुपये के ऋण की किस्तें चुकाने के बाद काम बढ़ाने के लिए उन्होंने दूसरे चरण में 20 हजार रुपये और तीसरे चरण में 50 हजार रुपये का ऋण लिया। सुशीला के अनुसार, पीएम स्वनिधि योजना से उनके काम और परिवार की स्थिति में काफी बदलाव आया है। अब वह और उनका परिवार पहले से बेहतर तरीके से जीवनयापन कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *