बीजापुर : कलेक्टर विश्वदीप ने मांझीगुड़ा उपार्जन केंद्र में धान खरीदी का किया शुभारंभ

PTV BHARAT 15 NOVEMBER 2026- बीजापुर : कलेक्टर विश्वदीप ने मांझीगुड़ा उपार्जन केंद्र में धान खरीदी का किया शुभारंभ

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ रविवार को कलेक्टर विश्वदीप ने मांझीगुड़ा स्थित बीजापुर धान उपार्जन केंद्र में किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने धान बेचने पहुंचे किसानों से आत्मीय संवाद कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और खरीदी केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

धान खरीदी के पहले दिन किसान हरीष मांझी ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर अपना धान बेचने उपार्जन केंद्र पहुंचे। डिजिटल टोकन व्यवस्था के माध्यम से धान विक्रय की प्रक्रिया शुरू होने से किसानों को सुविधाजनक और पारदर्शी व्यवस्था का लाभ मिल रहा है। कलेक्टर विश्वदीप ने किसान हरीष मांझी से चर्चा कर ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने और धान विक्रय की प्रक्रिया की जानकारी ली।

किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता, खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले के प्रत्येक पंजीकृत पात्र किसान से निर्धारित समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान बेचने के लिए उपार्जन केंद्र पहुंचने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने खरीदी केंद्रों में पर्याप्त बारदाना, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, पेयजल, छायादार बैठक व्यवस्था, साफ-सफाई और विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही धान की तौल, गुणवत्ता परीक्षण और खरीदी से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पारदर्शिता से संपन्न कराने पर जोर दिया।

ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से किसानों को मिलेगी सहूलियत

जिले में धान खरीदी को अधिक सरल, व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से ऑनलाइन टोकन व्यवस्था लागू की गई है। इसके माध्यम से किसान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार टोकन प्राप्त कर अपनी उपज बेचने के लिए खरीदी केंद्र पहुंच सकेंगे। इससे केंद्रों में अनावश्यक भीड़ कम करने, किसानों का समय बचाने और धान खरीदी कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को ऑनलाइन टोकन प्रक्रिया की समुचित जानकारी उपलब्ध कराई जाए और तकनीकी समस्याओं के निराकरण में आवश्यक सहयोग दिया जाए, ताकि किसी भी पात्र किसान को धान बेचने में परेशानी न हो।

जिले के 31 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की व्यवस्था

उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए बीजापुर जिले में कुल 31 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से खरीदी की व्यवस्था की गई है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इनमें नवीन धान उपार्जन केंद्र तिम्मापुर को भी शामिल किया गया है।

जिले में कुल 20,598 किसान पंजीकृत हैं और धान का पंजीकृत रकबा 54,165 हेक्टेयर है। शासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा तक धान खरीदा जाना है।

जिला प्रशासन द्वारा सभी उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के साथ ही किसानों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

धान खरीदी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, किसानों की समस्याओं का हो त्वरित निराकरण

कलेक्टर विश्वदीप ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जाए। किसानों से प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत से उपजाई गई फसल का उचित मूल्य दिलाना शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि किसानों को धान विक्रय के दौरान सम्मानजनक व्यवहार, सुविधाजनक व्यवस्था और समयबद्ध सेवाएं मिलें।

मांझीगुड़ा उपार्जन केंद्र में धान खरीदी के शुभारंभ के साथ ही जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को भी धान खरीदी की सुगम, पारदर्शी एवं व्यवस्थित सुविधाओं का लाभ मिले और अन्नदाताओं की आर्थिक समृद्धि को नई गति मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *