रायपुर : धान खरीदी के पहले दिन केंद्रों पर पहुंचने लगे किसान, कलेक्टर ने बड़ेमारेंगा उपार्जन केंद्र का किया निरीक्षण

PTV BHARAT 15 NOVEMBER 2026- रायपुर : धान खरीदी के पहले दिन केंद्रों पर पहुंचने लगे किसान, कलेक्टर ने बड़ेमारेंगा उपार्जन केंद्र का किया निरीक्षण

बस्तर जिले में रविवार, 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान शुरू होते ही जिला प्रशासन के अधिकारियों ने खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसी कड़ी में कलेक्टर आकाश छिकारा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना ने खाद्य, सहकारिता और मार्कफेड के अधिकारियों के साथ बड़ेमारेंगा धान उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया।

कलेक्टर ने केंद्र पहुंचकर धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया, तौल व्यवस्था, बारदानों की उपलब्धता और गुणवत्ता जांच का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नमी मापक यंत्र (मॉइस्चर मीटर) से धान की नमी की जांच करवाई, जो निर्धारित मानक के अनुरूप 17 प्रतिशत से कम पाई गई। उन्होंने प्रति बोरा 40 किलोग्राम मानक तौल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

केंद्र पर धान बेचने पहुंचे किसानों मोतीराम सेठिया और ईश्वर मौर्य से कलेक्टर ने आत्मीय संवाद कर टोकन की उपलब्धता और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल की खरीदी सीमा, समर्थन मूल्य और बोनस राशि सहित 3,100 रुपये के कुल भुगतान के तहत 2,441 रुपये की खरीदी दर तथा शेष अंतर राशि के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

संवाद के दौरान कुछ किसानों ने एग्रीस्टैक और डिजिटल गिरदावरी पोर्टल पर खसरा नंबर या रकबा प्रदर्शित नहीं होने की समस्या कलेक्टर के समक्ष रखी। इस पर कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन किसानों का डेटा पोर्टल पर सिंक नहीं हो पाया है, उनकी सूची तत्काल तैयार कर तकनीकी समस्या का समाधान कराया जाए, ताकि किसी भी पात्र किसान को टोकन प्राप्त करने में असुविधा न हो। उन्होंने बायोमेट्रिक और आइरिस स्कैन के माध्यम से आधार सत्यापन की प्रक्रिया भी सुचारू रखने के निर्देश दिए।

पहले दिन 13 किसानों के टोकन पंजीकृत, 50.44 मीट्रिक टन धान की खरीदी निर्धारित

जिले के कुल 88 उपार्जन केंद्रों पर 15 जनवरी तक चलने वाले इस अभियान के पहले दिन 8 केंद्रों के लिए 13 किसानों के टोकन पंजीकृत हुए हैं। इनके माध्यम से 50.44 मीट्रिक टन धान की खरीदी निर्धारित की गई है।

पहले दिन ऑनलाइन व्यवस्था के प्रति किसानों का उत्साह देखने को मिला। जारी किए गए कुल 13 टोकनों में से 11 टोकन ‘किसान-तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से जारी हुए, जिनसे 41.44 मीट्रिक टन धान की खरीदी निर्धारित है। वहीं, 2 टोकन समितियों के माध्यम से जारी किए गए, जिनके तहत 9 मीट्रिक टन धान की खरीदी निर्धारित है।

केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार, पहले दिन सर्वाधिक 4 टोकन बड़ेमारेंगा केंद्र के लिए जारी हुए, जिनके माध्यम से 19.40 मीट्रिक टन धान की तौल निर्धारित है। इसके अलावा मुली में 2 टोकन से 8.60 मीट्रिक टन, रेटावंड/बालेंगा में 2 टोकन से 6.32 मीट्रिक टन, सोनपुर में 1 टोकन से 5.76 मीट्रिक टन, नदीसागर में 1 टोकन से 3.88 मीट्रिक टन, कचनार में 1 टोकन से 2.48 मीट्रिक टन, बड़ांजी में 1 टोकन से 2.00 मीट्रिक टन और लोहण्डीगुड़ा/धुरागांव केंद्र में 1 टोकन से 2.00 मीट्रिक टन धान की तौल निर्धारित की गई है।

9 नए उपार्जन केंद्र स्थापित, 51,068 किसान पंजीकृत

जिले के दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को लंबी दूरी तय न करनी पड़े, इसके लिए इस वर्ष 9 नए उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिले में कुल 67,538.0160 हेक्टेयर रकबे के साथ 51,068 किसान धान विक्रय के लिए पंजीकृत हैं।

पारदर्शी व्यवस्था के लिए 70 प्रतिशत टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन और शेष 30 प्रतिशत टोकन समितियों एवं केंद्रों से ऑफलाइन जारी किए जा रहे हैं। निर्धारित नियमों के अनुसार, सीमांत किसानों को अधिकतम एक, लघु किसानों को दो और दीर्घ किसानों को अधिकतम तीन टोकन जारी करने की पात्रता तय की गई है।

ऑनलाइन टोकन रविवार से शुक्रवार तक 24 घंटे प्राप्त किए जा सकेंगे। शनिवार, रविवार और शासकीय अवकाश के दिनों में तौल कार्य बंद रहेगा। टोकन जनरेट होने के उसी दिन की तौल तिथि का चयन नहीं किया जा सकेगा। केवल सत्यापित बैंक और ऋण खाते वाले किसानों के ही टोकन जारी होंगे। साथ ही प्रति बोरा 0.40 क्विंटल के अनुपात में प्रविष्टि अनिवार्य रखी गई है।

जिला प्रशासन ने सभी पंजीकृत किसानों से निर्धारित नियमों का पालन करते हुए समय पर टोकन प्राप्त करने और सुगम तरीके से धान विक्रय सुनिश्चित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *