PTV BHARAT 15 NOVEMBER 2026- बेमेतरा : कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने किया धान खरीदी का शुभारंभ, मोहतरा और बिलई केंद्रों में पहुंचकर किसानों से की चर्चा
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने मोहतरा और बिलई धान उपार्जन केंद्रों में पहुंचकर धान खरीदी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को स्वयं शाल ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया। साथ ही केंद्र प्रबंधकों से धान खरीदी, तौल और भुगतान की व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में उपस्थित किसानों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि जिले के किसी भी किसान को धान बेचने में असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
आज से जिले के सभी केंद्रों में खरीदी शुरू, किसानों में दिखा उत्साह
कलेक्टर के निर्देश पर आज जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में एक साथ खरीदी शुरू हो गई। सभी केंद्रों में नोडल अधिकारियों ने पहुंचकर खरीदी का शुभारंभ कराया। किसानों में इस बार धान खरीदी को लेकर खासा उत्साह देखा गया। सुबह से ही किसान अपनी उपज लेकर केंद्रों में पहुंचने लगे थे।
पारदर्शिता और सुचारू व्यवस्था पर जोर
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने केंद्र प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी में पूरी पारदर्शिता रखी जाए। तौल में गड़बड़ी, किसानों के साथ दुर्व्यवहार या अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को टोकन, तौल और भुगतान की पूरी जानकारी समय पर दी जाए।
उन्होंने धान खरीदी केंद्रों में पेयजल, छाया, बैठने और शौचालय की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्याप्त बारदाना, हमाल और तौल कांटों की उपलब्धता बनाए रखने को कहा। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि धान की नमी की जांच और गुणवत्ता परीक्षण किसानों के सामने किया जाए। किसानों को भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को केंद्रों में प्रतिदिन साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण और सीसीटीवी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए।
किसानों को दिया भरोसा
मोहतरा और बिलई में किसानों से बातचीत के दौरान कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा है कि किसानों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य सही समय पर और सम्मान के साथ मिले। धान खरीदी केंद्र किसानों की सेवा के लिए हैं, इसलिए प्रत्येक किसान को सहयोग करना अधिकारियों की पहली जिम्मेदारी है।
कलेक्टर ने किसानों से अपील की कि वे अपने टोकन के अनुसार ही धान लेकर आएं, ताकि भीड़ और अव्यवस्था से बचा जा सके तथा खरीदी प्रक्रिया सुविधाजनक बनी रहे।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें, किसानों की शिकायतों का तत्काल निराकरण करें और प्रतिदिन की खरीदी की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजें।
इस अवसर पर संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, खाद्य अधिकारी, सहकारी समिति के प्रबंधक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
धान खरीदी के शुभारंभ से जिले के किसानों में खुशी का माहौल है। किसानों ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस बार खरीदी सुचारू और पारदर्शी तरीके से होगी, इसका उन्हें पूरा भरोसा है।

