रायपुर : प्रधानमंत्री आवास योजना से रामकुमार कश्यप के परिवार को मिला पक्का आशियाना

PTV BHARAT 20 NOVEMBER 2026- रायपुर : प्रधानमंत्री आवास योजना से रामकुमार कश्यप के परिवार को मिला पक्का आशियाना

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम पेंड्री निवासी रामकुमार कश्यप के परिवार का पक्के घर का सपना साकार हुआ है। सीमित आमदनी के कारण वर्षों तक जर्जर कच्चे मकान में रहने वाला यह श्रमिक परिवार अब सुरक्षित आवास में रह रहा है।

नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पेंड्री निवासी रामकुमार कश्यप के पुराने मकान की छत से बरसात के दौरान पानी टपकता था। दीवारों में सीलन और मकान की जर्जर स्थिति के कारण परिवार को काफी परेशानी होती थी। आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे अपने संसाधनों से पक्का मकान बनवा सकें।

वित्तीय वर्ष 2024-25 में रामकुमार कश्यप को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत मकान निर्माण के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत हुई। यह राशि किस्तों में सीधे उनके बैंक खाते में अंतरित की गई। इसके साथ ही उन्हें रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत 90 मानव दिवस की मजदूरी और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत शौचालय निर्माण के लिए 12 हजार रुपये की सहायता भी मिली।

इन योजनाओं के लाभ से रामकुमार कश्यप ने अपना पक्का मकान बनवाया। अब परिवार को बरसात में छत टपकने और जर्जर दीवारों की चिंता से राहत मिली है। पक्का आवास मिलने पर रामकुमार कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *