PTV BHARAT 27 NOVEMBER 2026- रायपुर : सीएम हेल्पलाइन 1076 की कार्रवाई से 13 कर्मचारियों को मिला 1.62 लाख रुपये का बकाया वेतन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार नागरिक-केंद्रित सुशासन और जवाबदेह शासन के संकल्प के प्रति प्रतिबद्ध है। सीएम हेल्पलाइन 1076 यह सुनिश्चित करती है कि छत्तीसगढ़ के आम नागरिकों की प्रत्येक शिकायत का त्वरित, पारदर्शी और जवाबदेही के साथ निराकरण हो। लगभग एक साल से लंबित वेतन का भुगतान मिलने के बाद कर्मचारियों के चेहरों पर संतोष और खुशी के साथ शासन के प्रति आभार भी साफ झलक रहा है।
बस्तर जिले में श्रम विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते सीएम हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज शिकायत के बाद 13 कर्मचारियों को उनके हक का कुल 1 लाख 62 हजार रुपये बकाया वेतन मिल सका है।
जगदलपुर में क्रिस्टल इंटीग्रेटेड सर्विस लिमिटेड के माध्यम से एक चारपहिया शोरूम में बॉबी चौधरी सहित 13 कर्मचारी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे। इन सभी कर्मचारियों का दिसंबर 2025 का कुल 1 लाख 62 हजार रुपये वेतन लंबित था। कर्मचारी लगातार बकाया वेतन के भुगतान की मांग कर रहे थे, लेकिन कंपनी की ओर से टालमटोल किया जाता रहा। लंबे समय तक पारिश्रमिक नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
संबंधित कंपनी को नोटिस जारी कर बकाया वेतन भुगतान के निर्देश
कंपनी के टालमटोल रवैये से परेशान कर्मचारियों ने छत्तीसगढ़ शासन की सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही श्रम विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण पंजीबद्ध किया और मामले की जांच की। इसके बाद संबंधित कंपनी को नोटिस जारी कर नियमानुसार बकाया वेतन का भुगतान करने के निर्देश दिए गए।
13 कर्मचारियों को कुल 1,62,000 रुपये के लंबित वेतन का भुगतान
श्रम विभाग की प्रभावी कार्रवाई के बाद बॉबी चौधरी सहित सभी 13 कर्मचारियों को कुल 1,62,000 रुपये के लंबित वेतन का भुगतान कर दिया गया। लगभग एक साल से रुका वेतन मिलने पर कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। उनके चेहरों पर संतोष और खुशी के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित शासन के प्रति आभार का भाव भी दिखाई दिया।
छत्तीसगढ़ में सरकारी सेवाओं से जुड़ी शिकायतों या सुझावों के लिए 1076 डायल करें अथवा सीएम हेल्पलाइन-छत्तीसगढ़ शासन पोर्टल पर ऑनलाइन अनुरोध दर्ज करें। यह सेवा 24 घंटे, सातों दिन उपलब्ध है।

