रायपुर : बेहतर मूल्य से खेती के विस्तार का सपना

PTV BHARAT 27 NOVEMBER 2026- रायपुर : बेहतर मूल्य से खेती के विस्तार का सपना

धान का उचित मूल्य किसान के लिए केवल आय का साधन नहीं, बल्कि खेती को आगे बढ़ाने का भरोसा भी है। सूरजपुर जिले के ग्राम गिरवरगंज निवासी किसान रेवती राम इसी भरोसे के साथ अपनी कृषि भूमि बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान वे अब तक 60 क्विंटल धान उपार्जन केंद्र में विक्रय के लिए ला चुके हैं। करीब 60 क्विंटल धान का विक्रय अभी शेष है।

रेवती राम के पुत्र ने धान विक्रय के लिए ‘टोकन तुंहर हाथ’ मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त किया। किसान ने बताया कि खरीदी की प्रक्रिया सहज रही और उपज का बेहतर मूल्य मिलने से उन्हें खेती में आगे निवेश करने का अवसर दिखाई दे रहा है। धान विक्रय से मिलने वाली राशि से वे अतिरिक्त कृषि भूमि खरीदना चाहते हैं, ताकि खेती का विस्तार कर सकें।

अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि पहले धान का अपेक्षाकृत कम मूल्य मिलने के साथ खाद और सिंचाई पर होने वाले खर्च के कारण खेती से पर्याप्त लाभ हासिल करना कठिन था। अब बेहतर मूल्य मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है और कृषि में निवेश की नई संभावनाएं बन रही हैं।

किसान रेवती राम ने धान का बेहतर मूल्य दिलाने और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके लिए धान खरीदी केवल उपज बेचने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि खेती को आगे बढ़ाने के सपने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *