रायपुर : निविदा मंजूरी के बाद चयनित एजेंसी को 15 दिनों में कार्यादेश जारी करने के निर्देश

PTV BHARAT 27 NOVEMBER 2026- रायपुर : निविदा मंजूरी के बाद चयनित एजेंसी को 15 दिनों में कार्यादेश जारी करने के निर्देश

लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज पांचों परिक्षेत्रों, सेतु बंध, विद्युत एवं यांत्रिकी, राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख अभियंता कार्यालय के सभी मुख्य अभियंताओं की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। मंत्रालय में आयोजित बैठक में उन्होंने निर्माणाधीन भवनों, सड़कों और पुलों के साथ ही नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की।

उन्होंने निर्देश दिए कि जिन कार्यों की निविदाएं स्वीकृत हो चुकी हैं, उनके कार्यादेश चयनित ठेकेदारों और एजेंसियों को 15 दिनों के भीतर जारी किए जाएं, ताकि वर्किंग सीजन का पूरा उपयोग करते हुए कार्यों में अच्छी प्रगति लाई जा सके। उन्होंने सभी मुख्य अभियंताओं को प्रत्येक सप्ताह कम से कम दो दिन फील्ड में जाकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और गति पर कड़ी नजर रखने के निर्देश भी दिए।

कार्य की कड़ी मॉनिटरिंग और नियमित भुगतान पर जोर

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे कार्यों की कड़ाई से मॉनिटरिंग करने और उन्हें नियमित भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मुख्य अभियंताओं को अधीक्षण अभियंता से लेकर उप अभियंता तक के अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 और चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने को कहा। साथ ही सभी कार्यों में अच्छी भौतिक और वित्तीय प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गुणवत्ताहीन कार्यों को दोबारा अच्छी गुणवत्ता के साथ कराने के निर्देश

मुकेश कुमार बंसल ने ठेकेदारों द्वारा किए गए गुणवत्ताहीन कार्यों को अच्छी गुणवत्ता के साथ दोबारा कराने को कहा। उन्होंने मानपुर-कोहका और गरियाबंद में राष्ट्रीय राजमार्ग के हिस्सों के साथ ही कबीरधाम जिले में परफॉर्मेंस गारंटी के अंतर्गत बानौ-कान्हाभैरा मार्ग के खराब हिस्सों को उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी निर्माण कार्यों में निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुसार कार्य पूर्ण कराने को कहा।

विभागीय प्रकरणों और जन शिकायतों की भी समीक्षा

बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव ने जमा मद के कार्यों, भू-अर्जन, वन-व्यपवर्तन, न्यायालयीन मामलों, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन प्रकरणों की समीक्षा की। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी तथा सीपीग्राम्स (Centralised Public Grievances Redress & Monitoring System) में दर्ज जन शिकायतों के निराकरण की स्थिति भी जानी।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, सीजीआरआईडीसीएल के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय और उप सचिव अंशिका पाण्डेय सहित विभाग के सभी मुख्य अभियंता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *