विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर टिप्पणी के बाद समाजवादी पार्टी के राम गोपाल यादव ने दी सफाई

PTV BHARAT 16 MAY 2025     लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद राम गोपाल यादव ने विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर विवादित बयान देने के मामले में अपना बचाव किया है। राम गोपाल यादव ने इसको लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने पूरा बयान सुने बिना ही अपनी प्रतिक्रिया दे डाली। रामगोपाल यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘उत्तर भारत के कुछ राज्यों में विशेषकर उत्तर प्रदेश में जहां धर्म, जाति और वर्ग देखकर लोगों पर फर्जी मुकदमे लगाए जा रहे हों, एनकाउंटर किये जा रहे हों, गैंगस्टर लगा कर संपत्ति जब्त की  जा रही हो, महिलाओं पर अत्याचार किए जा रहे हों, जाति धर्म और वर्ग देख कर कर्मचारियों और अधिकारियों की पोस्टिंग की जाती हों, ऐसी विकृत मानसिकता (corrupt mentality) के लोगों के बारे में कल मैंने एक कार्यक्रम में कहा था कि कर्नल सोफिया का धर्म नाम से पहचान लिए, इसलिए गाली दी गई। विदेश सचिव मिस्त्री को गाली दी गई। अगर इन गालीबाजों को ये पता चल जाता कि व्योमिका सिंह जाटव हैं और एयर मार्शल अवधेश भारती यादव हैं तो ये इन अफसरों को भी गालियाँ देने से बाज नहीं आते। यादव ने आगे लिखा, मुझे आश्चर्य इस बात का है कि जिस मुख्यमंत्री की नाक के नीचे अल्पसंख्यकों, दलितों और पिछड़ों पर अकल्पनीय अत्याचार  हो रहे हों उन्होंने  मेरा पूरा बयान बगैर सुने ही ट्वीट कर दिया। जिन मीडिया चैनलों ने इस्लामाबाद और रावलपिंडी पर कब्जा कर लिया था। उनसे मुझे कोई शिकायत नहीं, क्योंकि उन पर सत्ता पक्ष के अलावा किसी को विश्वास नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *