PTV BHARAT 10 AUGUST 2025 रायपुर, 09 अगस्त 2025 — सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, आंचलिक एवं क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा बैंक के संस्थापक सर सोराबजी पोचखानावाला की 114वीं जयंती के अवसर पर “संस्थापक दिवस” का आयोजन गरिमापूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में किया गया। इस अवसर का उद्देश्य संस्थापक के आदर्शों, दूरदर्शिता, मूल्यों एवं बैंकिंग क्षेत्र में उनके अद्वितीय योगदान को स्मरण करना और उनसे प्रेरणा ग्रहण करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ आंचलिक प्रमुख श्री बी. आर. रामा कृष्णा नायक एवं क्षेत्रीय प्रमुख श्री आर. के. केरकेट्टा द्वारा संस्थापक के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके पश्चात कर्मचारियों ने संस्थापक के जीवन, प्रेरक प्रसंगों और बैंक के आरंभिक दौर से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारियों को साझा किया। तत्पश्चात केक काटकर इस विशेष अवसर का उत्सवपूर्वक स्मरण किया गया।
अपने उद्बोधन में आंचलिक प्रमुख महोदय ने संस्थापक के सिद्धांतों—ईमानदारी, पारदर्शिता एवं ग्राहक-केन्द्रितता—को आज की आधुनिक बैंकिंग व्यवस्था में अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे इन मूल्यों को अपने कार्य में आत्मसात कर बैंक की प्रगति में योगदान दें।
साथ ही, कार्यक्रम के दौरान बैंक के विभिन्न उत्पादों जैसे सेंट क्वीन अकाउंट, सेंट गृह लक्ष्मी स्कीम, सेंट होटल तथा सेंट व्यवसाय अकाउंट के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इन उत्पादों की विशेषताओं एवं लाभों को साझा करते हुए उपस्थित स्टाफ सदस्यों को प्रेरित किया गया कि वे अधिक से अधिक ग्राहकों को बैंक से जोड़ें और उन्हें इन योजनाओं का लाभ दिलाकर उनकी आर्थिक प्रगति को सशक्त बनाएं।
बैंक के पास वर्तमान में देशभर में कुल 21,015 टच प्वाइंट्स हैं, जिनमें 4,552 शाखाएं शामिल हैं। इनमें से 2,969 शाखाएं ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में स्थित हैं। इसके अतिरिक्त, बैंक के पास 4,115 एटीएम, 12,323 बीसी प्वाइंट्स तथा 25 बीसी मैक्स प्वाइंट्स हैं। रायपुर अंचल छत्तीसगढ़ एवं ओड़िशा राज्य को कवर करता है, जिसमें हमारी 221 शाखाएं हैं, जिनके माध्यम से हम ग्राहकों को सुगम एवं विश्वसनीय बैंकिंग सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि बैंक का CASA डिपॉज़िट अनुपात 48.97% है, जो उद्योग में दूसरे स्थान पर है, और यह बैंक की मजबूत जमा आधार एवं ग्राहकों के विश्वास को दर्शाता है।
संपूर्ण कार्यक्रम में प्रेरणा, गौरव एवं एकजुटता का भाव परिलक्षित हुआ और यह सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए संस्थापक के विचारों को आत्मसात करने का महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध हुआ।

