PTV BHARAT 03 NOVEMBER 2025 एजेंसी IND W vs SA W: 47 साल का लंबा इंतजार, अधूरे सपने और वर्षों की मेहनत। ये सब कुछ रविवार रात उस एक पल में समा गया जब हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार महिला वनडे विश्व कप अपने नाम किया। यह सिर्फ एक जीत नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के दिलों में बसी उम्मीदों का चरमोत्कर्ष था। यह आधी आबादी को संबल देने वाली जीत है जो नजीर बन गई उनके लिए जो एक मुकाम हासिल करना चाहती हैं।IND W vs SA W: भारतीय महिला टीम ने पहली बार जीता वर्ल्ड कप नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम पर जब दक्षिण अफ्रीका का अंतिम विकेट गिरा तो पूरे देश का जन, गण, मन एक साथ भारत मात की जय से गूंज उठा। इस जीत के साथ भारतीय महिला क्रिकेट ने वो मुकाम छू लिया, जहां अब वह दुनिया के शीर्ष पर खड़ी है। भारत ने 1978 में पहली बार महिला विश्व कप (ICC Women’s World Cup 2025) में हिस्सा लिया था। 2005 व 2017 में मिताली राज की कप्तानी में भारत फाइनल तक पहुंचा, पर दोनों बार ट्राफी हाथ से फिसल गई। आखिरकार हरमनप्रीत की कप्तानी में टीम विश्वविजेता बन गई। महिला टीम की यह पहली आइसीसी ट्राफी है। 1983 में कपिल देव और 2011 में महेंद्र सिंह धौनी की कप्तानी में पुरुष टीम ने वनडे विश्व कप जीता था। अब हरमनप्रीत कौर की अगुआई में बेटियों ने भी विश्व चैंपियन का तमगा पा लिया। यह जीत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 297 रन का स्कोर खड़ा किया जो महिला वनडे विश्व कप फाइनल का दूसरा सर्वोच्च स्कोर है, जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 246 रन पर आलआउट हो गई। कप्तान लौरा वोल्वार्ट (101) ने शतकीय पारी खेली, पर टीम को जीत नहीं दिला पाईं। महिला टीम की जीत ने 2024 टी-20 विश्व कप की यादें भी ताजा कर दीं, जब रोहित की कप्तानी ने भारत ने दक्षिण अफ्रीका (IND W vs SA W) को हराकर दूसरा टी-20 खिताब जीता था। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में रविवार को आईसीसी महिला वनडे विश्व कप जीतने के बाद ट्राफी के साथ मंच पर खुशियां मनाती भारतीय टीम।
India Women’s Cricket Team ने पहली बार जीता विश्व कप का खिताब
