बांग्लादेशी खिलाड़ी को लेकर विवादों में घिरे शाहरुख खान

PTV BHARAT 03 JANUARY 2026 एजेंसी नई दिल्ली। बांग्लादेशी खिलाड़ी को टीम में शामिल करने को लेकर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के मालिक और अभिनेता शाह रुख खान विवादों में घिर गए हैं और उन पर मुस्तफिजुर रहमान को हटाने का दबाव बढ़ गया है। आध्यात्मिक गुरु रामभद्राचार्य और कथावाचक देवकी नंदन के विरोध के बाद अब भाजपा और शिवसेना नेताओं ने कहा कि वे रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) में नहीं खेलने देंगे। ये लोग बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ अत्याचार से आक्रोशित हैं। विवाद के बीच बीसीसीआई ने बांग्लादेश के खिलाडि़यों की आइपीएल में भागीदारी पर चुप्पी साध रखी है। बीसीसीआई ने आइपीएल में बांग्लादेशी खिलाडि़यों की भागीदारी पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार बांग्लादेशी खिलाडि़यों को लीग में भाग लेने से रोकने के लिए सरकार की ओर से कोई निर्देश नहीं मिला है। गौरतलब है कि पिछले महीने आयोजित मिनी-नीलामी में केकेआर ने 9.20 करोड़ रुपये में रहमान को खरीदा था। बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार और हत्याओं के बाद विरोध शुरू हो गया। भाजपा के संगीत सोम ने कहा, बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या हो रही हैं। बांग्लादेश के खिलाड़ियों को खरीदना देशद्रोह है। शाहरुख खान जैसे लोग देशद्रोही हैं। आध्यात्मिक गुरु रामभद्राचार्य ने कहा, शाहरुख खान का रुख हमेशा देश के खिलाफ रहा है। आध्यात्मिक गुरु देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि बांग्लादेश में ¨हदुओं के खिलाफ अत्याचारों की खबरों के बीच बांग्लादेशी खिलाड़ी को टीम में शामिल करने से हिंदू और सनातन धर्म के अनुयायी आहत हुए हैं। आल इंडिया इमाम आर्गनाइजेशन के मुख्य इमाम, इमाम उमर अहमद इलियासी ने कहा है कि शाह रुख खान को देश से माफी मांगनी चाहिए। इलियासी ने कहा कि शाह रुख को बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों की निंदा करते हुए बयान देना चाहिए और मुस्तफिजुर को अपनी टीम से हटा देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *