वैभवपूर्ण और आर्थिक समृध्दिशाली भारत बनाना हमारा लक्ष्य – शिवप्रकाश

PTV BHARAT 13 MAY 2026 रायपुर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बुधवार को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक आहूत की गई। बैठक का शुभारंभ राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, केन्द्रीय मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री द्वय अरूण साव एवं विजय शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। भाजपा राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने उपस्थित पदाधिकारियों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की जो चर्चा हम करते हैं उससे जन-जन को जोड़ने का कार्य करने वाले महापुरूष पश्चिम बंगाल से आते है। भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की कर्मभूमि प. बंगाल में भाजपा की जीत हमारी वैचारिक जीत है। इसके साथ ही असम सहित दूसरे राज्यों में हमारी महत्वपूर्ण जीत हुई है। हम भारत को वैभवपूर्ण एवं विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को लेकर चल रहे हैं। समरस समाज का निर्माण हमारा लक्ष्य हो। कार्यकर्ता की संवेदनशीलता का भाव प्रेरणा का स्त्रोत होता है। वैभवपूर्ण और आर्थिक समृध्दिशाली भारत बनाना हमारा लक्ष्य है। विकास और सुशासन में संतुलन बनाते हुए 140 करोड़ भारतवासियों में सांस्कृतिक गौरव का भाव स्थापित करना है। उस लक्ष्य के लिए भाजपा की राजनीतिक यात्रा चल रही है। हम सब मिलकर फिर से मजबूत छत्तीसगढ़ व विकसित भारत के लिए जुटेंगे।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर भाजपा के जनाधार को लगातार बढ़ाने की महती जिम्मेदारी है। पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, असम व पुडुचेरी में लगातार शानदार वापसी की बधाई देते हुए इन चुनावों राज्यों में छत्तीसगढ़ के प्रवासी कार्यकर्ताओं के अनथक परिश्रम का जिक्र कर उनका अभिनंदन किया। श्री साय ने प्रदेश में नक्सली आतंक के खात्मे की चर्चा करते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन तथा प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के अनथक परिश्रम से यह कार्य समयबध्द ढंग से पूरा हुआ है। हम मानते है कि केवल नक्सलवाद खत्म करना ही पर्याप्त नहीं था, बल्कि नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में विकास की किरण पहुंचाना भी हमारा लक्ष्य है। और नियद नेल्लानार योजना के तहत इन क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य हुए और वहां बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को पूरा करके प्रदेश सरकार ने जन विश्वास अर्जित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *