अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप तीन दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर चीन पहुंच गए

PTV BHARAT 13 MAY 2026 एजेंसी – नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप बुधवार को तीन दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर चीन पहुंच गए हैं। यहां उनकी मुलाकात चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग से होगी।अमेरिका और चीन के बीच ये बैठक संबंधों, व्यापार, ताइवान, वैश्विक सुरक्षा और आर्थिक तनाव जैसे मुद्दों के बीच हो रही है, जिसके चलते इसे बेहद अहम माना जा रहा है।बीजिंग पहुंचने पर ट्रंप का स्वागत चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग ने किया। इस दौरान चीन में अमेरिका के राजदूत डेविड पर्ड्यू भी मौजूद रहे।2017 के बाद ट्रंप की चीन की पहली आधिकारिक राजकीय यात्रा है। इससे पहले दोनों नेताओं की आखिरी आमने-सामने मुलाकात पिछले साल अक्टूबर में दक्षिण कोरिया के बुसान में हुई थी।ट्रंप के दौरे से पहले चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि दोनों देशों के बीच शीर्ष नेतृत्व स्तर की बातचीत वैश्विक स्थिरता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।गुओ जियाकुन ने कहा, ‘राष्ट्राध्यक्षों के स्तर की कूटनीति चीन-अमेरिका संबंधों को रणनीतिक दिशा देने में अपूरणीय भूमिका निभाती है। हम राष्ट्रपति ट्रंप के चीन दौरे का स्वागत करते हैं।’गुओ ने कहा कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग और डोनल्ड ट्रंप वैश्विक शांति, विकास और द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े बड़े मुद्दों पर गहन चर्चा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि चीन अमेरिका के साथ समानता, सम्मान और पारस्परिक लाभ की भावना से सहयोग बढ़ाने और मतभेदों को नियंत्रित करने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *