PTV BHARAT 27 MAY 2026 रायपुर – नई दिल्ली। एसआईआर की प्रक्रिया को सुप्रीम कोर्ट द्वारा संविधान सम्मत बताए जाने के बाद भाजपा ने विपक्ष और खास तौर पर कांग्रेस की लानत-मलानत करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।सांसद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के प्रमुख बिंदुओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राजनीतिक पराजय और देश में अराजकता-अव्यवस्था उत्पन्न करने की नैतिक पराजय के बाद यह विपक्षी और कांग्रेस की नैतिक, राजनीतिक और संवैधानिक हार है।उन्होंने आरोप लगाया कि इस निर्णय से आईएनडीआइए का वास्तविक चरित्र सामने आ गया है कि वह सनातन धर्म विध्वंसक और घुसपैठिया संरक्षक है। उसने अपनी कर्मण्यता और राजनीतिक अक्षमताओं को ढंकने के लिए समस्त लोकतांत्रिक संस्थाओं को लांछित करने का कुत्सित प्रयास किया, जो कि निष्फल हो गया।सुधांशु ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने एसआईआर की प्रक्रिया को पूर्णत: संविधान सम्मत सिद्ध कर दिया है। यह राजनीतिक पराजय और देश में अराजकता-अव्यवस्था उत्पन्न करने की नैतिक पराजय के बाद यह विपक्ष और कांग्रेस की संवैधानिक पराजय है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या चुनाव में कांग्रेस मेहनत करते हुए दिखाई देती है।गृह मंत्री अमित शाह लगातार कई दिन पश्चिम बंगाल में रहे। सभी प्रमुख नेताओं ने बूथ और मंडल स्तर तक की बैठकें कीं, लेकिन नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी नहीं थे। असम में कांग्रेस मुख्य विपक्षी थी, इसके बावजूद वहां होने की बजाए राहुल विदेश घूम रहे थे।भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह भी बहुत गंभीर विषय है कि कांग्रेस का करार चीन में है, परिवार इटली में है, विचार का केंद्र इंग्लैंड में है, दुष्प्रचार का केंद्र अमेरिकी संस्थानों में है और वोटों के तार बांग्लादेश से जुड़े हैं। अब उनका यह असली चरित्र का चोला उतर गया है।एसआईआर के विरुद्ध विपक्ष के रुख को घुसपैठ से जोड़ते हुए सुधांशु ने दावा किया कि बांग्लादेश के एक सांसद ने कहा था कि बंगाल में भाजपा की सरकार आ गई तो बहुत से लोगों को वापस बांग्लादेश आना पड़ेगा।
SIR पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर कांग्रेस पर बरसी बीजेपी
